Last Updated:
Balrampur News: बलरामपुर में चेकडैम निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की कमी और अधिक मूल्यांकन मिलने पर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है. संविदा तकनीकी सहायक रोहित कुमार की सेवा समाप्त कर दी गई है. साथ ही 9.13 लाख रुपये की वसूली के निर्देश जारी कर 17 चेकडैमों का भुगतान रोक दिया गया है.
बलरामपुर चेकडैम निर्माण में बड़ी गड़बड़ी.
बलरामपुर (छत्तीसगढ़): जिले में चेकडैम निर्माण कार्यों में हुई अनियमितता और गड़बड़ी के मामले में जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है. जांच में निर्माण की गुणवत्ता में कमी और कार्यों का अधिक मूल्यांकन पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है. जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
तकनीकी सहायक की संविदा सेवा समाप्त
मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तकनीकी सहायक रोहित कुमार की संविदा सेवा 30 अक्टूबर को समाप्त कर दी गई है. जांच के दौरान निर्माण कार्य के मूल्यांकन और गुणवत्ता में गंभीर कमियां सामने आई थीं.
9.13 लाख रुपये की वसूली और जुर्माना
प्रशासन ने गड़बड़ी के एवज में 9.13 लाख रुपये की वसूली करने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा दो अन्य तकनीकी सहायकों अविनाश भारती और कृपाशंकर गुप्ता पर भी कार्रवाई की गई है. इन दोनों कर्मचारियों पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
17 चेकडैम कार्यों का भुगतान रोका गया
अनियमितता की जांच के बाद कुल 17 चेकडैम निर्माण कार्यों का भुगतान रोक दिया गया है. इनमें ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के 12 कार्य और राजपुर जनपद के 5 कार्य शामिल हैं.
वरिष्ठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
लापरवाही के इस मामले में विभागीय अधिकारियों पर भी शिकंजा कसा गया है. कार्यपालन अभियंता, एसडीओ और जनपद सीईओ सहित संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.
गुणवत्ता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्य कार्यपालन अधिकारी
मामले में जानकारी देते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेकर स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई गई. जांच में गड़बड़ी मिलने पर नियमानुसार सेवा समाप्ति, वसूली और अर्थदंड की कार्रवाई की गई है. उन्होंने दोहराया कि विकास कार्यों में पारदर्शी गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.