न सड़क, न पुल… पानी पर दौड़ाई बाइक, चीन के शख्स का अनोखा कारनामा देख दुनिया हैरान, गिनीज में दर्ज हुआ नाम!

न सड़क, न पुल… पानी पर दौड़ाई बाइक, चीन के शख्स का अनोखा कारनामा देख दुनिया हैरान, गिनीज में दर्ज हुआ नाम!


Viral Video : दुनिया में कुछ लोग ऐसे होते हैं, जो अपनी सोच और जुनून से नामुमकिन लगने वाले काम को भी मुमकिन कर दिखाते हैं. चीन के एक शख्स ने ऐसा ही हैरान करने वाला कारनामा किया है. आमतौर पर आपने मोटरसाइकिल को सड़कों पर दौड़ते देखा होगा, लेकिन क्या कभी सोचा है कि कोई बाइक पानी के ऊपर भी चल सकती है? चीन के एक एंटरप्रेन्योर ने अपनी खास तरह से मॉडिफाइड मोटरसाइकिल को पानी पर दौड़ाकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. उन्होंने खुले पानी में बाइक से 40.74 किलोमीटर की दूरी तय की. उनकी इस उपलब्धि को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में जगह मिली है.

पानी पर 40.74 KM तक दौड़ाई बाइक

इस अनोखे रिकॉर्ड को बनाने वाले शख्स का नाम झांग शुए (Zhang Xue) है. वह चीन की जानी-मानी मोटरसाइकिल कंपनी ZXMOTO के फाउंडर हैं. 39 वर्षीय झांग ने 25 अक्टूबर को अपने होमटाउन हुनान प्रांत के हुआइहुआ शहर में यह कारनामा किया. उन्होंने खास तौर पर तैयार की गई MX450 मोटरसाइकिल से पानी पर 40.74 किलोमीटर का सफर पूरा किया.

इस उपलब्धि के साथ उन्होंने इसी श्रेणी में पहले से दर्ज 31.8 किलोमीटर के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया. यानी अब खुले पानी में मॉडिफाइड मोटरसाइकिल से सबसे लंबी दूरी तय करने का रिकॉर्ड उनके नाम हो गया है. इस कारनामे को देखकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए.

बाइक में किए गए थे कई खास बदलाव

अब सवाल उठता है कि आखिर कोई सामान्य मोटरसाइकिल पानी में डूबे बिना कैसे चल सकती है? दरअसल, झांग ने इस चुनौती के लिए अपनी बाइक में कई तकनीकी बदलाव करवाए थे. रिपोर्ट के मुताबिक, मोटरसाइकिल में खास फ्लोटिंग पार्ट्स लगाए गए थे, जो उसे पानी में डूबने से बचाते थे. इसके अलावा बाइक के जरूरी हिस्सों को वॉटरप्रूफ बनाया गया था, ताकि पानी के संपर्क में आने के बावजूद उसका सिस्टम ठीक से काम करता रहे.

इस चुनौती के दौरान सुरक्षा का भी पूरा इंतजाम किया गया था. झांग के साथ रेस्क्यू बोट और मेडिकल टीम मौजूद थी. उन्होंने नदी में तय किए गए रास्ते के छह चक्कर पूरे किए. इस दौरान कई मुश्किल मोड़ आए और शारीरिक थकान भी हुई, लेकिन उन्होंने अपना हौसला बनाए रखा.

चार बार मिली नाकामी, फिर भी नहीं मानी हार

झांग की यह सफलता रातोंरात नहीं मिली. उन्होंने करीब 22 साल की उम्र में पहली बार मोटरसाइकिल को पानी पर चलाने का सपना देखा था. इसके लिए उन्होंने शुरुआती दौर में चार बार कोशिश की, लेकिन हर बार नाकामी हाथ लगी. उनकी सबसे लंबी कोशिश में बाइक महज 20 मीटर तक ही पानी पर चल पाई थी.

हालांकि, लगातार असफल होने के बावजूद झांग ने हार नहीं मानी. इस बार रिकॉर्ड बनाने के लिए उन्होंने अपनी टीम के साथ करीब पांच महीने तक तैयारी की. बाइक के फ्लोटिंग सिस्टम, वॉटरप्रूफ सील और पावर सिस्टम में कई बदलाव किए गए. इसके बाद पानी में बार-बार टेस्टिंग करके बाइक को स्थिर और सुरक्षित बनाने की कोशिश की गई.

होमटाउन को भी दिलाना चाहते हैं पहचान

रिकॉर्ड की पुष्टि के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अधिकारियों ने GPS डेटा, समय और वीडियो फुटेज की बारीकी से जांच की. सभी जानकारियां सही पाए जाने के बाद उनके रिकॉर्ड को आधिकारिक मान्यता दी गई. अपनी सफलता पर झांग ने कहा कि उन्हें हमेशा विश्वास था कि वह यह काम कर सकते हैं।.अगर नाकाम भी होते, तो बिना झिझक दोबारा कोशिश करते. उनके लिए इस प्रक्रिया का हिस्सा बनना भी बेहद खास था. झांग ने यह रिकॉर्ड अपने होमटाउन में बनाया, ताकि मयांग इलाके को भी दुनिया भर में पहचान मिल सके.



Source link