Last Updated:
12वीं क्लास की एक छात्रा को सोशल मीडिया पर दोस्ती भारी पड़ गई. नितेश शर्मा नाम के लड़के ने छात्रा के घर में जबरन रेप किया. इसके बाद अश्लील फोटो भी खींची. फिर ब्लैकमेल कर फिर से रेप किया. इतना ही नहीं, छात्रा के घर में रखे 2 लाख रुपए और पुश्तैनी ज्वैलरी भी लूट कर ले गया. पुलिस ने शिकायत नहीं दर्ज की, तो पॉक्सो कोर्ट ने पुलिस को एफआईआर की ऑर्डर दिया
लड़के ने जनवरी 2026 में पहली बार रेप किया था.
ग्वालियर. ग्वालियर में ऑनलाइन दोस्ती के बाद एक सिरफिरे युवक ने नाबालिग छात्रा से न केवल दुष्कर्म किया, बल्कि घर से 2 लाख रुपए नकद और पुश्तैनी सोने के गहने भी लूट ले गया. पुलिस द्वारा मामले पर ध्यान न देने के बाद पीड़िता की मां ने अदालत का दरवाजा खटखटाया. अब पॉक्सो कोर्ट के सख्त रुख और निर्देश के बाद बहोड़ापुर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत उसके परिवार के 5 लोगों पर संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.
दरअसल घटना 15 जनवरी 2026 से अभी तक के बीच बहोड़ापुर की है. यहां 17 साल की लड़की आरोपी नितेश शर्मा से सोशल मीडिया पर कॉन्टैक्ट में आई थी. लड़की 12वीं क्लास की स्टुडेंट है. कॉन्टैक्ट के बाद सोशल मीडिया पर चैट होती रही. आरोपी ने उसे प्यार का इजहार किया और 15 जनवरी 2026 की दोपहर जब पीड़िता की मां काम पर गई हुई थीं, तब नितेश अपने साथी के साथ घर में घुस आया और नाबालिग के साथ जबरन दुष्कर्म किया.
नितेश शर्मा ने छात्रा की अश्लील फोटो भी खींच लिए. घटना से पीड़िता पूरी तरह से घबरा गई और चुप रही तो आरोपी 27 फरवरी 2026 को वापस पीड़िता को अकेली पाकर घर में घुसा और उसके साथ दुष्कर्म किया. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जाते-जाते आरोपी घर में रखे 2 लाख रुपए नकद और सोने की पुश्तैनी झुमकी भी जबरन छीनकर ले गया.
पुलिस ने नहीं दर्ज की शिकायत
बाद में जब बच्ची से उसकी मां ने सख्ती से पूछा, तब रोते हुए पीड़िता ने आपबीती सुनाई. जिसके बाद नाबालिग छात्रा की मां ने बहोड़ापुर थाना पहुंचकर मामले की शिकायत की. लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. तंग आकर पीड़िता की मां ने अधिवक्ता के माध्यम से स्पेशल पॉक्सो कोर्ट में परिवाद पत्र प्रस्तुत किया.
पॉक्सो कोर्ट के आदेश पर हुई एफआईआर
कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 175(3) BNSS के तहत पुलिस को तुरंत एफआईआर दर्ज कर विवेचना के आदेश दिए. तो न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुख्य आरोपी नितेश शर्मा के अलावा उसके पिता, मां, भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. ASP जयराज कुबेर ने बताया कि माननीय पॉक्सो कोर्ट से प्राप्त आदेश के पालन में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.