Last Updated:
GYM Business Profit : क्या आपको भी लगता है कि जिम के बिजनेस में खूब पैसा और मुनाफा है. गुरुगाम और फरीदाबाद में फिटनेस सेंटर चलाने वाले नितेश यादव ने इसकी सच्चाई बताई है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी पोस्ट में बताया कि उन्होंने 3 करोड़ का निवेश किया और हर महीने 20 लाख की कमाई भी होती है, लेकिन मुनाफे का गणित कुछ और ही कहता है.
जिम बिजनेस से होने वाली कमाई और मुनाफे में काफी अंतर रहता है.
नई दिल्ली. आजकल जिम बिजनेस सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि छोटे-छोटे कस्बाई इलाकों में भी इसका कारोबार जमकर चलता है. हालांकि, इससे होने वाली कमाई और मुनाफे में अंतर जरूर होता है लेकिन निवेश के मुताबिक अमूमन इसमें रिटर्न अच्छा मिल जाता है. हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद में जिम सेंटर चलाने वाले नितेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर जिम बिजनेस को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि इस कारोबार को चलाने के लिए वह 3 करोड़ की पूंजी लगा चुके हैं और हर महीने 20 लाख तक कमाई होती है, लेकिन मुनाफे का आंकड़ा इससे कहीं अलग है.
जिम फाउंडर नितेश ने बताया कि यह बिजनेस मुनाफे वाला तो है लेकिन उतना नहीं जितना लोगों को लगता है. उन्होंने कहा कि मुझे गुरुग्राम और फरीदाबाद में जिम चलाने से हर महीने करीब 20 लाख की कमाई होती है, लेकिन घर तक सिर्फ 2 से 3 लाख रुपये ही जाते हैं, जबकि मेरा कुल निवेश 3 करोड़ रुपये से भी ज्यादा है. उन्होंने जिम से होने वाली कमाई और इस पर हर महीने आने वाली लागत का भी पूरा हिसाब-किताब सोशल मीडिया पर शेयर किया.
हर महीने कितना खर्चा
नितेश ने बताया कि जिम बिजनेस पर हर महीने आने वाले खर्चे की जानकारी रखना जरूरी होता है, तभी आपको अपने मुनाफे का अंदाजा हो सकेगा. उन्होंने बताया कि दोनों फिटनेस सेंटर से हर महीने करीब 20 लाख रुपये की कमाई होती है. इसमें से 6 से 7 लाख रुपये तो फिटनेस सेंटर पर काम करने वाले कर्मचारियों की सैलरी पर जाता है. इसके अलावा जिम का मासिक किराया जीएसटी सहित 4 लाख रुपये होता है, जबकि हर महीने बिजली बिल पर भी 70 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक खर्च होता है. इसके अलावा 1 से 3 लाख रुपये तक अन्य तरीके से खर्च हो जाते हैं.
हर महीने कितना पैसा बचता है
नितेश ने बताया कि सभी खर्चों को निकालने के बाद उनके पास 5 से 6 लाख रुपये बचते हैं, लेकिन यह उनका मुनाफा नहीं है. जिम का सेटअप करने के लिए 3 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. इन पैसों को मशीन, उपकरण, इंटीरियर और अन्य खर्चों पर लगाया है. इस निवेश पर हर महीने 3 लाख रुपये की ईएमआई भी देनी पड़ती है. अब आप खुद सोचिए कि इतने खर्चे के बाद हर महीने कितना पैसा बचता है. जाहिर है कि इस बिजनेस पर 3 करोड़ खर्च करने के बाद भी हर महीने 2 से 3 लाख की ही सेविंग हो पाती है.
निवेश निकालने में कितना समय लगेगा
नितेश ने बताया कि जिम का बिजनेस मोटा मुनाफा कमाने के लिए नहीं होता है और आपको अपने खर्चे निकालने में करीब 6 साल का समय लग सकता है. इस बिजनेस में एकमुश्त मोटा निवेश होता है और इसकी रिकवरी भी जल्दी नहीं हो पाती है. जिम ऑनर को अगर बाजार में बने रहना है तो उसे समय के साथ अपने जिम को अपडेट भी करना होगा. इस अपडेशन पर भी हर महीने काफी खर्चा आता है, जिसमें सर्विस के साथ नए उपकरण भी शामिल हैं.