नई दिल्ली (Life Skills for Students). अक्सर लोग अच्छे मार्क्स और बड़ी-बड़ी डिग्रियों को ही जीवन में कामयाबी की सबसे बड़ी गारंटी मानते हैं. लेकिन क्या सिर्फ किताबें रटना और एग्जाम में टॉप करना असली दुनिया में जीत दिला सकता है? स्कूल-कॉलेज के बाद प्रैक्टिकल लाइफ में कदम रखने पर एक ऐसी दुनिया से सामना होता है, जहां सिर्फ थ्योरी काम नहीं आती. वहां असल पहचान इससे बनती है कि आप असफलताओं से कैसे उबरते हैं, दूसरों के साथ कैसे तालमेल बिठाते हैं और गलतियों से क्या सीखते हैं.
स्टूडेंट्स के लिए बेस्ट लाइफ स्किल्स
1. सही समय पर मदद मांगना
अक्सर स्टूडेंट्स किसी सवाल या टॉपिक में अटकने पर अकेले ही सिर खपाते रहते हैं या शर्माते हैं कि कहीं लोग उन्हें कमजोर न समझ लें. प्रशांत किराड का मानना है कि झिझक छोड़कर सही व्यक्ति (टीचर, मेंटॉर या दोस्त) से सही समय पर मदद मांग लेना महीनों की मेहनत और कीमती समय बचा सकता है. मदद मांगना कमजोरी की नहीं, बल्कि सीखने की ललक की निशानी है.
2. फीडबैक को दिल से लगाना और सुधारना
जब टीचर या बॉस हमारे काम में कमी निकालते हैं तो बुरा लगना स्वाभाविक है. लेकिन असली समझदारी यह है कि हम आलोचना से चिढ़ने के बजाय उस पर अमल करें. असाइनमेंट या टेस्ट कॉपी में मिली टिप्पणियों को ध्यान से देखें और समझें कि कहां चूक हुई. जो इंसान फीडबैक को सीख की तरह लेता है, उसकी ग्रोथ को दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती.
3. भटकते मन और ध्यान को संभालना
आज की डिजिटल दुनिया में रील्स, नोटिफिकेशन और सोशल मीडिया सेकंडों में ध्यान भटका देते हैं. ऐसे में फोकस बनाए रखना सुपरपावर बन चुका है. अपनी एनर्जी और ध्यान को फालतू की चीजों से बचाकर अपने लक्ष्य पर लगाना बेहद जरूरी है. जो स्टूडेंट्स अपने समय और अटेंशन को सही दिशा में मैनेज करना सीख जाते हैं, वे कम समय में भी बेहतर रिजल्ट हासिल कर लेते हैं.
4. असफलताओं से सीखकर तुरंत वापसी
गलतियां और नाकामी जिंदगी का हिस्सा हैं, इनसे कोई नहीं बच सकता. फर्क सिर्फ इस बात से पड़ता है कि आप गिरने के बाद कितनी जल्दी खड़े होते हैं. किसी टेस्ट में कम नंबर आ जाएं या कोई प्रोजेक्ट फेल हो जाए तो उदास होकर बैठने के बजाय गलतियां एनालाइज करें. अपनी गलतियों को पहचानकर तुरंत स्ट्रैटेजी बदलें और दोगुनी ताकत के साथ आगे बढ़ें.
5. लोगों के साथ तालमेल बिठाकर काम करना
आप भले ही कितने भी होशियार या टैलेंटेड क्यों न हों, अगर दूसरों के साथ मिलकर काम करना नहीं जानते तो तरक्की रुक सकती है. ग्रुप प्रोजेक्ट्स से लेकर ऑफिस के काम तक, हर जगह टीम वर्क और बेहतर कम्युनिकेशन काम आता है. दूसरों की बात सुनना, जिम्मेदारी लेना और अपनी वजह से किसी का काम न रोकना ही आपको बेहतरीन टीम प्लेयर बनाता है.