Last Updated:
B.Com पूरा करने के बाद नौकरी करना बेहतर है या MBA की पढ़ाई? MBA में दाखिले के लिए क्या योग्यता जरूरी है और अच्छे कॉलेज में एडमिशन पाने की तैयारी कब से शुरू करनी चाहिए? अग्रवाल कॉलेज, बल्लभगढ़ की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शोभना गोयल से जानिए करियर के बेहतर विकल्प और जरूरी सलाह.
फरीदाबाद: 12वीं के बाद कॉमर्स स्ट्रीम से पढ़ाई करने वाले ज्यादातर विद्यार्थी बीकॉम करते हैं. लेकिन बीकॉम पूरा होने के बाद उनके सामने सबसे बड़ा सवाल होता है कि आगे नौकरी करें या MBA की पढ़ाई करें. कई विद्यार्थी नौकरी करके अनुभव लेना चाहते हैं, तो कुछ MBA करके अपने करियर को आगे बढ़ाने की तैयारी करते हैं. ऐसे में सही विकल्प चुनने से पहले अपनी रुचि, कॉलेज और आगे मिलने वाले अवसरों को समझना जरूरी है. Local18 से बातचीत में अग्रवाल कॉलेज, बल्लभगढ़ के कॉमर्स विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शोभना गोयल ने बताया कि बीकॉम के बाद नौकरी और MBA दोनों के अपने फायदे हैं.
नौकरी के साथ ऑनलाइन या डिस्टेंस मोड से कर सकते हैं MBA
डॉ. शोभना गोयल बताती हैं कि यह पूरी तरह विद्यार्थी की इच्छा पर निर्भर करता है. अगर कोई विद्यार्थी नौकरी के साथ MBA करना चाहता है, तो उसके लिए ओपन, ऑनलाइन या डिस्टेंस लर्निंग का विकल्प है. रेगुलर पढ़ाई के साथ नौकरी करना आसान नहीं होता. नौकरी के साथ MBA करने का फायदा यह है कि विद्यार्थी को पढ़ाई के साथ काम का अनुभव भी मिलता है. MBA करने से पहले विद्यार्थी को अपनी रुचि का क्षेत्र समझना चाहिए. MBA में मैनेजमेंट से जुड़ी स्किल्स सिखाई जाती हैं. इसके साथ ही कॉलेज का चुनाव भी बहुत सोच-समझकर करना चाहिए. कॉलेज का कैंपस प्लेसमेंट रिकॉर्ड, इंडस्ट्री के साथ जुड़ाव और पढ़ाई का तरीका जरूर देखना चाहिए.
बीकॉम के बाद इन स्किल्स से बढ़ेंगे नौकरी के अवसर
शोभना गोयल बताती हैं कि बीकॉम के बाद नौकरी के अवसरों पर आज के समय में स्किल्स रखने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी संभावनाएं हैं. विद्यार्थी बीकॉम के साथ अकाउंटिंग, टैक्सेशन, डिजिटल मार्केटिंग और डेटा एनालिटिक्स जैसे कोर्स कर सकते हैं. खासकर टैली और GST की जानकारी रखने वाले युवाओं की इंडस्ट्री में मांग है. इस क्षेत्र में अभी अच्छे जानकार लोगों की कमी है. MBA में दाखिले के लिए किसी भी स्ट्रीम से ग्रेजुएशन होना जरूरी है. विद्यार्थी BA, B.Com या B.Sc के बाद भी MBA कर सकते हैं. वहीं नौकरी के साथ MBA करने से डिग्री की वैल्यू बढ़ती है. कॉर्पोरेट सेक्टर में प्रमोशन और बेहतर नौकरी के अवसर मिलने की संभावना भी बढ़ जाती है.
IIM जैसे संस्थानों में दाखिले के लिए पहले साल से करें तैयारी
शोभना गोयल बताती हैं कि अगर विद्यार्थी अच्छे संस्थानों और IIM जैसे कॉलेजों में दाखिला लेना चाहते हैं, तो उन्हें बीकॉम के पहले साल से ही तैयारी शुरू कर देनी चाहिए. प्रवेश परीक्षाओं में मैथमैटिकल एप्टीट्यूड, अंग्रेजी, रीजनिंग और जनरल नॉलेज से जुड़े सवाल आते हैं. इनकी तैयारी सामान्य ग्रेजुएशन की पढ़ाई से अलग होती है. इसलिए आखिरी समय का इंतजार करने के बजाय शुरुआत से लगातार तैयारी करना बेहतर रहता है.