Last Updated:
Jamui Viral Video Case Nandan Yadav Encounter: तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर कटाक्ष के बीच जमुई कांड में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. मुख्य आरोपी नंदन यादव का एनकाउंटर हो गया है और पुलिस मुठभेड़ में उसके पैर में गोली मारी गई है. लेकिन, एनकाउंटर की खबर आते ही बिहार में राजनीति गर्म हो गई है और अब एनडीए हमलावर है. तेजस्वी यादव पर तीखा तंज केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने किया है और कहा है कि “सम्राट का सुशासन” है भाई… पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
जमुई कांड में मुख्य आरोपी का एनकाउंटर, जीतन राम मांझी बोले- सम्राट की सरकार किसी को नहीं बख्शेगी
जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी और वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी का हाफ एनकाउंटर किया है. जानकारी के अनुसार, आरोपी के पैर में गोली लगी है. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में वह घायल हुआ, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं, कार्रवाई के साथ ही इस मामले पर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है. तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर लगातार हमले के बीच केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने तेजस्वी को निशाने पर लिया है. वहीं, बीजेपी ने भी पुलिस कार्रवाई को सरकार के सख्त रुख से जोड़कर पेश किया है.
तेजस्वी के तंज के बीच मांझी का पलटवार
जमुई मामले को लेकर तेजस्वी यादव पहले ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य सरकार पर निशाना साध चुके हैं. अब नंदन यादव के घायल होने के बाद केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए तेजस्वी पर पलटवार किया.
मांझी ने अपने पोस्ट में तेजस्वी के उस राजनीतिक बयानबाजी को निशाना बनाया, जिसमें यादव समुदाय को लेकर उनकी टिप्पणियों का संदर्भ देते हुए उन्होंने लिखा कि जमुई मामले के आरोपी भी यादव हैं. मांझी ने तंज करते हुए कहा कि तेजस्वी अब यह कह सकते हैं कि ‘सम्राट चौधरी ने मेरे भाई को ठोकवा दिया.’ इसके बाद उन्होंने कहा कि अपने ‘भाइयों’ को सचेत कर दें, क्योंकि सरकार किसी को बख्शने वाली नहीं है. पोस्ट के अंत में मांझी ने इसे ‘सम्राट का सुशासन’ बताया.
एनकाउंटर पर जीतन राम मांझी का पोस्ट
एनकाउंटर होते ही केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा,
“HAM बोलते नहीं करके दिखलाते हैं.
जमुई वाले मामले की जानकारी तो सबको लग ही गई होगी.
पर इसमें हम आपको लेटेस्ट जानकारी दे देतें हैं.
तेजस्वी जी कहते रहें हैं ना कि बिहार-यूपी का हर “यादव” उनका भाई है.
तो उन्हीं भाईयों में से कुछ भाईयों ने जमुई में लड़की छेड़कर विडियो बनाया था ताकि हमारी सरकार को बदनाम किया जा सके.
अब तेजस्वी यादव कहेंगें “देखिए ना सम्राट चौधरी ने मेरे भाई को ठोकवा दिया.”
मैं अभी भी कहूँगा तेजस्वी जी अपने भाईयों को सचेत कर दिजिए,नहीं तो सम्राट की सरकार किसी को बख़्शने वाली नहीं है.
“सम्राट का सुशासन” है भाई…”
जीतन राम मांझी के सोशल मीडिया पोस्ट का स्क्रीनशॉट
बीजेपी महामंत्री प्रीति शेखर बोलीं, दुशासन की भुजाएं तोड़ेंगे
जमुई एनकाउंटर पर बीजेपी महामंत्री डॉ प्रीति शेखर ने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार है और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नेतृत्व है. बिहार में किसी महिला और बहनों के साथ अत्याचार होगा तो आज भी दुशासन की भुजाएं तोड़ने का काम हमारी सरकार करेगी. जमुई की घटना में तीन लोगों की कल गिरफ्तारी हो चुकी थी. जिसने वीडियो वायरल किया है उसकी पहचान की जा रही है. आज एक अपराधी की पुलिस से मुठभेड़ हुई, उसे गोली मारी गई है. सरकार का साफ संदेश है कि बिहार में कोई इस तरह का काम करेगा तो उसके साथ यही किया जाएगा.
विजय चौधरी बोले, पॉक्सो एक्ट लगा, कठोरतम सजा मिलेगी
इससे पहले मंत्री विजय चौधरी ने कहा था कि अपराधियों पर पॉक्सो एक्ट लगाया गया है. कठोर से कठोर सजा दी जाएगी. कोई घटना घटती है तो सरकार की नीयत देखी जाती है. जमुई की घटना पर सरकार का एक्शन देखिए, अपराधी पकड़े जा रहे हैं. दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. सरकार की नीयत अपराध को किसी भी कीमत पर रोकने की है.
वायरल वीडियो के बाद शुरू हुई थी कार्रवाई
जमुई में 19 सितंबर की शाम एक नाबालिग छात्रा और उसके साथी को कुछ युवकों ने रास्ते में रोककर कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट की थी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया. पुलिस ने POCSO समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया और तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस के मुताबिक वीडियो के आधार पर करीब सात आरोपियों की पहचान की गई थी और बाकी की तलाश चल रही थी.