Last Updated:
Ujjain News: उज्जैन के लाला श्री मिष्ठान भंडार से खरीदी गई 250 ग्राम गुपचुप मिठाई में कीड़े मिलने की शिकायत फूड विभाग में की गई. सूचना पर टीम ने दुकान और मिठाई बनाने वाले कारखाने का निरीक्षण कर सैंपल लिए गए. फिलहाल, फूड अधिकारी ने सैंपल जांच के लिए भेजे हैं और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ujjain sweet shoP contamination (PIC CREDIT- NEWS18)
Ujjain sweet shop contamination: उज्जैन के कोयला फाटक क्षेत्र में मिठाई की दुकान से खरीदी गई गुपचुप मिठाई में कीड़े मिलने का मामला सामने आया है. कस्टमर की शिकायत के बाद खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मिठाई के सैंपल जांच के लिए लिए हैं. फिलहाल, जांच रिपोर्ट का इंतजार है. दरअसल, मामला कोयला फाटक स्थित लाला श्री मिष्ठान भंडार का है. कोयला फाटक निवासी चेतन शर्मा ने सोमवार सुबह यहां से 250 ग्राम गुपचुप मिठाई खरीदी थी, जिसके लिए उन्होंने 170 रुपए का भुगतान भी किया.
शर्मा के मुताबिक, घर पहुंचकर जब उन्होंने पैकेट खोला तो मिठाई में कीड़े रेंगते दिखाई दिए. उनका दावा है कि मिठाई से खराब स्मेल भी आ रही थी. इसके बाद उन्होंने मिठाई की तस्वीरें खींचीं और ऑनलाइन के जरिए खाद्य विभाग को शिकायत भेजी.
दुकान और कारखाने का निरीक्षण
शिकायत मिलते ही खाद्य विभाग की टीम दुकान पर पहुंची. अधिकारियों ने दुकान के साथ-साथ मिठाई तैयार करने वाले कारखाने का भी इंस्पेक्शन किया. टीम ने शिकायत वाली मिठाई के सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजने का प्रोसेस शुरू कर दिया गया है. खाद्य अधिकारी बसंत दत्त शर्मा के अनुसार, शिकायत में मिठाई में फंगस होने की बात कही गई है. उन्होंने बताया कि सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पहले भी हुई ऐसी शिकायत
चेतन शर्मा का कहना है कि ऐसा पहली बार नहीं है जब उन्हें इस दुकान से खराब मिठाई मिली हो. उनका दावा है कि इससे पहले भी शिकायत करने पर दुकान संचालक ने बदलकर दूसरी मिठाई दी थी.
दुकान संचालक का पक्ष
वहीं, दुकान संचालक राजकुमार गुप्ता ने कहा कि जिस ट्रे से ग्राहक को मिठाई दी गई थी, उसकी जांच की गई है और ट्रे ठीक पाई गई है. उन्होंने कस्टमर से मिठाई दुकान पर लाने को कहा है. संचालक का कहना है कि मिठाई खराब पाए जाने पर उसे बदल दिया जाएगा या उसकी कीमत वापस कर दी जाएगी. फिलहाल, खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है. रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि मिठाई में खराबी किस वजह से हुई और मामले में क्या कार्रवाई की जाएगी.