Last Updated:
आयुष्मान खुराना स्टारर ‘उड़ता तीर’ के निर्देशक आकाश ए कौशिक ने अपनी फिल्म की तुलना आदित्य धर की ‘धुरंधर’ से होने पर खुलकर बात की है. दोनों ही फिल्में भारत-पाकिस्तान की जासूसी पृष्ठभूमि पर बनी हैं, लेकिन उनका अंदाज बेहद अलग है. आकाश ने खुलासा किया कि स्क्रिप्ट राइटिंग के दिनों से ही वह और आदित्य इस तुलना को लेकर आपस में मजाक किया करते थे. इसके साथ ही उन्होंने आदित्य को अपना करीबी दोस्त बताया और धुरंधर की तारीफ में भी कसीदे पढ़े.
डायरेक्टर आकाश ए कौशिक ने दोनों फिल्मों की तुलना पर दिया जवाब.
नई दिल्ली. बॉलीवुड स्टार आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘उड़ता तीर’ सिनेमघरों में लगी हुई है. रिलीज के बाद से ही लोग इसकी तुलना रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ से कर रहे हैं. दोनों ही फिल्में भारत-पाकिस्तान स्पाई ड्रामा पर आधारित हैं, लेकिन अपनी कहानी पेश करने के अंदाज में एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं. इस तुलना पर बात करते हुए ‘उड़ता तीर’ के निर्देशक आकाश ए कौशिक ने बताया कि कैसे वो और ‘धुरंधर’ के डायरेक्टर आदित्य धर अक्सर इस बात को लेकर आपस में मजाक किया करते थे कि दोनों ने एक ही जॉनर पर काम करते हुए कितनी अलग राह चुनी है.
इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में डायरेक्टर आकाश ए कौशिक ने कहा, ‘आदित्य मेरे बहुत अच्छा दोस्त हैं, बिल्कुल मेरे भाई जैसे. हम दोनों एक ही समय के आसपास अपनी-अपनी फिल्मों की स्क्रिप्ट लिख रहे थे. तब मैं अक्सर उनसे मजाक में कहता था कि तेरा बंदा यहां से वहां जा रहा है, और मेरा बंदा वहां से यहां आ रहा है. इसलिए हमारे लिए यह तुलना कोई नई बात नहीं है, यह तो तभी से चली आ रही है.’
‘धुरंधर’ से ‘उड़ता तीर’ की तुलना पर क्या बोले आकाश कौशिक?
फिल्म ‘धुरंधर’ की तारीफ करते हुए उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे ‘धुरंधर’ बेहद पसंद आई. जाहिर है कि जब भी दो स्पाई थ्रिलर फिल्में आती हैं, तो लोग तुलना करते ही हैं. इसमें कोई बुराई नहीं है और मुझे इससे बिल्कुल परहेज नहीं है, आखिर लोग मेरे भाई जैसी फिल्म से ही तो तुलना कर रहे हैं.’