Last Updated:
Diwali Saree Collection 2026: इस बार साड़ी बाजार में पारंपरिक और फैंसी दोनों तरह के डिजाइन उपलब्ध हैं. इनमें चुनरी गोटा पट्टी, फैंसी स्टोन वर्क, राजपूती साड़ी, सुपरनेट और रजवाड़ी पैटर्न में सौभाग्यवती लिखी हुई साड़ी महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई हैं. इन पांचों पैटर्न की अपनी अलग खासियत है और महिलाएं अपनी पसंद व बजट के अनुसार इनकी खरीदारी कर रही हैं.
करौली. दिवाली के त्योहार को लेकर करौली शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है. त्योहार की तैयारियों के साथ ही खरीदारी के लिए बाजारों में महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है. खासकर कपड़ों और साड़ियों की दुकानों पर महिलाओं की अच्छी खासी चहल-पहल देखने को मिल रही है. इस बार दिवाली पर साड़ी खरीदने वाली महिलाओं के बीच पांच खास पैटर्न काफी पसंद किए जा रहे हैं. इन साड़ियों की खूबसूरती, आकर्षक डिजाइन और रंगों की विविधता महिलाओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही है.
साड़ी व्यापारियों के अनुसार, इस बार बाजार में पारंपरिक और फैंसी दोनों तरह के डिजाइन उपलब्ध हैं. इनमें चुनरी गोटा पट्टी, फैंसी स्टोन वर्क, राजपूती साड़ी, सुपरनेट और रजवाड़ी पैटर्न में सौभाग्यवती लिखी हुई साड़ी महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई हैं. इन पांचों पैटर्न की अपनी अलग खासियत है और महिलाएं अपनी पसंद व बजट के अनुसार इनकी खरीदारी कर रही हैं.
दुकानों पर कई तरह के नए डिजाइन और पैटर्न की साड़ियां
साड़ी व्यापारी पंकज गुप्ता ने बताया कि दिवाली को देखते हुए दुकानों पर कई तरह के नए डिजाइन और पैटर्न की साड़ियां उपलब्ध हैं, लेकिन कुछ खास डिजाइन महिलाओं को सबसे ज्यादा आकर्षित कर रहे हैं. इनमें पारंपरिक चुनरी गोटा पट्टी की साड़ी की मांग सबसे अधिक बनी हुई है. इस साड़ी में चुनरी का पारंपरिक लुक और गोटा पट्टी का आकर्षक काम इसकी खूबसूरती को बढ़ाता है. इसकी कीमत करीब 2250 रुपये है.
राजपूती पैटर्न की साड़ियों का भी बाजार में अलग आकर्षण
वहीं, फैंसी स्टोन वर्क वाली साड़ियां भी महिलाओं को खूब पसंद आ रही हैं. इन साड़ियों पर किए गए चमकदार स्टोन वर्क की वजह से इनका लुक काफी आकर्षक दिखाई देता है. त्योहार के अवसर पर खास अंदाज में तैयार होने की चाह रखने वाली महिलाएं इन्हें पसंद कर रही हैं. इसके अलावा राजपूती पैटर्न की साड़ियों का भी बाजार में अलग आकर्षण है. पारंपरिक राजस्थानी डिजाइन और रंगों के कारण महिलाएं इन्हें पसंद कर रही हैं. वहीं सुपरनेट पैटर्न की साड़ियां अपने हल्के और आकर्षक कपड़े की वजह से खरीदारी करने पहुंच रही महिलाओं का ध्यान खींच रही हैं.
पैटर्न में सौभाग्यवती लिखी हुई साड़ी
इन सबके बीच रजवाड़ी पैटर्न में सौभाग्यवती लिखी हुई साड़ी भी इस बार चर्चा में है. इस साड़ी पर सौभाग्यवती शब्द की खास डिजाइन महिलाओं को पसंद आ रही है. खासकर लाल और पीले रंग की साड़ियों की अच्छी मांग है. इनकी कीमत 600 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक है, जिससे अलग-अलग बजट की महिलाएं भी इन्हें खरीद सकती हैं.
बाजार में खरीदारी का माहौल और बढ़ने की उम्मीद
व्यापारियों का कहना है कि इन पांचों पैटर्न की साड़ियों में आकर्षक डिजाइन के साथ बजट का भी ध्यान रखा गया है.यही वजह है कि दिवाली के मौके पर महिलाएं पारंपरिक और फैंसी दोनों तरह की साड़ियों में दिलचस्पी दिखा रही हैं. त्योहार के नजदीक आने के साथ ही साड़ी बाजार में खरीदारी का माहौल और बढ़ने की उम्मीद है.