Last Updated:
बॉलीवुड अभिनेता आर. माधवन एक बार फिर हॉरर फिल्म के जरिए दर्शकों की नींद उड़ाने की तैयारी में हैं. ’13बी’ और ‘शैतान’ जैसी फिल्मों में अपने खौफनाक अंदाज से लोगों को डराने वाले माधवन अब डायरेक्टर विशाल फुरिया के साथ नई फिल्म लेकर आ रहे हैं. खास बात यह है कि इस फिल्म के लिए विशाल की पहली और इकलौती पसंद माधवन ही थे. डायरेक्टर का दावा है कि इस बार पर्दे पर ऐसा डर देखने को मिलेगा, जो दर्शकों की रूह तक उतर जाएगा. हालांकि, फिल्म की कहानी और बाकी कलाकारों को लेकर अभी कोई खुलासा नहीं हुआ है.
आर माधवन के फैंस के लिए गुड न्यूज
नई दिल्ली. बॉलीवुड अभिनेता आर. माधवन एक बार फिर दर्शकों को डराने के लिए तैयार हैं. ’13बी’ और ‘शैतान’ जैसी फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से लोगों के दिलों में खौफ पैदा करने वाले माधवन अब एक नई हॉरर फिल्म में नजर आएंगे. इस बार उनके साथ निर्देशक विशाल फुरिया की जोड़ी बनने जा रही है. खास बात यह है कि इस फिल्म के लिए विशाल की पहली पसंद माधवन ही थे. डायरेक्टर का मानना है कि हॉरर फिल्मों को जिस तरह की समझ और अनुभव की जरूरत होती है, वह माधवन में बखूबी देखने को मिलता है.
फिल्म को लेकर विशाल फुरिया ने अपनी खुशी जाहिर की है. उन्होंने बताया कि जब इस प्रोजेक्ट के लिए लीड एक्टर चुनने की बात आई, तो उनके दिमाग में सबसे पहले आर. माधवन का नाम आया. उनके मुताबिक, माधवन हमेशा से उनकी पहली और इकलौती पसंद रहे हैं. विशाल उन्हें फिल्म ’13बी’ का असली हॉरर स्टार मानते हैं. यह फिल्म उनकी पसंदीदा फिल्मों में शामिल है और भारतीय हॉरर सिनेमा की यादगार फिल्मों में से एक है.
माधवन को लेकर क्यों एक्साइटेड हैं विशाल फुरिया?
डायरेक्टर विशाल ने माधवन की तारीफ करते हुए कहा कि हॉरर जॉनर को लेकर उनकी समझ, अनुभव और काम के प्रति गंभीरता उन्हें बाकी कलाकारों से अलग बनाती है. वह लंबे समय से अभिनय के साथ-साथ लेखन, निर्देशन और प्रोडक्शन से भी जुड़े रहे हैं. ऐसे में उनका इस फिल्म का हिस्सा बनना पूरी टीम के लिए खास बात है. विशाल फुरिया इस फिल्म को लेकर काफी एक्साइटेड हैं. उनका कहना है कि टीम भारतीय हॉरर सिनेमा में कुछ नया करने की कोशिश कर रही है. वह चाहते हैं कि फिल्म देखने के बाद दर्शक सिर्फ डरें नहीं, बल्कि उस खौफ को लंबे समय तक महसूस करें. डायरेक्टर के मुताबिक, फिल्म में ऐसा डर दिखाने की कोशिश होगी, जो सीधे दर्शकों की रूह तक पहुंच जाए.
रोहित रंजन संभालेंगे फिल्म की जिम्मेदारी
इस हॉरर फिल्म को रोहित रंजन अपने प्रोडक्शन हाउस फ्रॉस्टलिट प्रोडक्शन लिमिटेड के बैनर तले प्रोड्यूस करेंगे. हालांकि, अभी तक फिल्म के नाम, कहानी और बाकी कलाकारों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. मेकर्स ने भी फिलहाल इससे जुड़ी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है.विशाल फुरिया हॉरर फिल्मों के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने मराठी फिल्म ‘लपाछपी’ के जरिए इस जॉनर में अपनी पहचान बनाई थी. इसके बाद भी वह डर और रहस्य से जुड़ी कहानियों पर काम करते रहे हैं. हाल ही में उनकी फिल्म ‘मां’ रिलीज हुई थी, जिसमें काजोल मुख्य भूमिका में नजर आई थीं. इस फिल्म में विशाल ने कैमियो भी किया था.
बता दें कि अब आर. माधवन के साथ उनकी नई फिल्म को लेकर दर्शकों की एक्साइटेड बढ़ गई है. दोनों की जोड़ी पर्दे पर किस तरह का डर लेकर आती है, यह देखना दिलचस्प होगा.