Last Updated:
Hanumangarh News: हनुमानगढ़ के डिंगवाला गांव में स्कूल वैन के लिए रास्ता मांगना दो भाइयों को भारी पड़ गया. सड़क पर वाहन खड़े करने का विरोध करने पर पड़ोसियों ने खेत में घुसकर मंसूफ और इशहाक पर जानलेवा हमला कर दिया. दोनों घायल पीलीबंगा चिकित्सालय में भर्ती हैं। पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
हनुमानगढ़. जिले के डिंगवाला गांव में स्कूल वैन के निकलने के लिए रास्ता मांगना दो भाइयों को भारी पड़ गया. रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पड़ोसियों ने खेत में घुसकर दोनों भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया. हमले में दोनों भाई घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए पीलीबंगा चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है. घायलों की पहचान मंसूफ और इशहाक के रूप में हुई है। फिलहाल दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है.
पीलीबंगा पुलिस के अनुसार, डिंगवाला गांव में रास्ते को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद हुआ था. बताया जा रहा है कि कुछ लोग सड़क के बीच में अपने वाहन खड़े कर देते थे. इसके कारण वहां से स्कूल वैन को निकलने में परेशानी होती थी. बच्चों को लेकर आने-जाने वाली वैन को रास्ता नहीं मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. इसी समस्या को लेकर दोनों भाइयों ने पड़ोसियों से सड़क के बीच खड़े वाहन हटाने और स्कूल वैन के लिए रास्ता देने की बात कही थी. इस दौरान दोनों भाइयों ने वाहन खड़े करने को लेकर उलाहना दिया, जिससे पड़ोसी नाराज हो गए.
खेत में घुसकर किया हमला, दोनों भाई घायल
आरोप है कि रास्ते को लेकर हुई कहासुनी के बाद पड़ोसियों ने खेत में घुसकर मंसूफ और इशहाक पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले में दोनों भाई घायल हो गए. घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें उपचार के लिए पीलीबंगा चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां दोनों का इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलने पर पीलीबंगा पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई. पुलिस के अनुसार, इस संबंध में कई लोगों के खिलाफ पीलीबंगा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले से जुड़े घटनाक्रम व आरोपों की पड़ताल की जा रही है. मामूली रास्ते के विवाद में दो भाइयों पर हुए इस हमले के बाद गांव में घटना को लेकर चर्चा है.