CJI सूर्यकांत पर की थी टिप्‍पणी, अब मुसीबत में केरल कांग्रेस, सुप्रीम कोर्ट में अवमानाना की याचिका


Last Updated:

कांग्रेस की केरल इकाई के आधिकारिक X हैंडल से तीखी पोस्ट शेयर की गई थी. इसमें सीजेआई को संबोधित करते हुए कहा गया था, ‘सूर्यकांत, इस्तीफा दीजिए. हम आपकी जगह किसी और को ढूंढ लेंगे.’ हालांकि, बाद में इस पोस्‍ट हटा दिया गया था और माफी भी मांगी गई थी.

Top Deals Inside

CJI सूर्यकांत पर की थी टिप्‍पणी, अब मुसीबत में केरल कांग्रेसZoom

CJI सूर्यकांत को लेकर केरल कांग्रेस की ओर से टिप्‍पणी की गई थी. अब इस मामले में अवमानना की याचिका दायर की गई है.

भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत को निशाना बनाकर सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट प्रकाशित करने के मामले में कांग्रेस की केरल इकाई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका दायर की गई है. दो वकीलों ने अदालत से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है. हालांकि, केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ पहले ही विवादित टिप्पणी के लिए माफी मांग चुके हैं और पार्टी नेतृत्व ने उससे दूरी बना ली है.

वकील विनीत जिंदल और श्रीजीश एसआर ने सीजेआई सूर्यकांत को पत्र लिखकर विवादित पोस्ट के संबंध में कार्रवाई का अनुरोध किया था. इस पत्र के आधार पर अदालत ने याचिका को रिट याचिका के रूप में रजिस्‍टर किया है. मामला कांग्रेस की केरल इकाई के आधिकारिक सोशल मीडिया मंच X पर शेयर पोस्ट से जुड़ा है. यह घटनाक्रम सुप्रीम कोर्ट के एक वकील की ओर से कानूनी नोटिस जारी किए जाने के कुछ दिन बाद सामने आया है. नोटिस के जवाब में केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ ने स्वीकार किया था कि विवादित पोस्ट पार्टी नेतृत्व की जानकारी और अनुमति के बिना प्रकाशित की गई थी.

बिना शर्त मांगी थी माफी

कांग्रेस नेता जोसेफ ने अपने जवाब में स्पष्ट किया कि पोस्ट में की गई टिप्पणियां कांग्रेस की आधिकारिक नीति या पार्टी के अधिकृत रुख को नहीं दर्शाती हैं. उन्होंने सीजेआई सूर्यकांत से बिना शर्त माफी भी मांगी. साथ ही, उन्होंने बताया कि पोस्ट के लिए जिम्मेदार व्यक्ति विजय थोट्टाथिल को उनके पद से हटा दिया गया है. विवाद की शुरुआत इसी महीने नई दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट की ओर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के मार्च के दौरान हुई थी. विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. यह मार्च उस समय आयोजित किया गया था, जब प्रधान न्यायाधीश ने कथित तौर पर कानूनी बाध्यताओं का हवाला देते हुए विपक्षी नेताओं से मिलने में असमर्थता जताई थी.

क्‍या किया था पोस्‍ट

इसके बाद कांग्रेस की केरल इकाई के आधिकारिक एक्स हैंडल पर नाराजगी जताते हुए एक तीखी पोस्ट शेयर की गई थी. इसमें सीजेआई को संबोधित करते हुए कहा गया था, ‘सूर्यकांत, इस्तीफा दीजिए. हम आपकी जगह किसी और को ढूंढ लेंगे.’ पोस्ट सामने आने के बाद व्यापक आलोचना हुई और इसे जल्द ही हटा दिया गया. पार्टी नेतृत्व ने बाद में स्पष्ट किया कि टिप्पणी अनधिकृत थी और कांग्रेस के आधिकारिक रुख का प्रतिनिधित्व नहीं करती थी. केरल कांग्रेस की ओर से माफी और संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के बावजूद अब अवमानना याचिका दायर होने से विवाद फिर चर्चा में आ गया है. सुप्रीम कोर्ट में इस मामले को लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पर नजर बनी हुई है.



Source link