Last Updated:
Sonu Sood in Begusarai: बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद आज बेगूसराय पहुंचे और बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया. उन्होंने पीड़ित लोगों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और राहत सामग्री बांटी. सोनू सूद ने कहा कि बिहार के कई जिले अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं. जलस्तर में कमी के बावजूद लोगों की परेशानियां खत्म नहीं हुई हैं. उन्होंने कहा कि बिहार से उनका गहरा जुड़ाव है और आपदा की स्थिति में मदद करना उनका दायित्व है.
बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे सोनू सूद
बेगूसराय: बिहार में बाढ़ को कारण कई जगहों पर अब हालात खराब है. इसी बीच बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद आज बेगूसराय पहुंचे. यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ित लोगों से मुलाकात की. उनका हालचाल जाना. साथ ही राहत सामग्री का वितरण भी किया. सोनू सूद ने लोगों से बातचीत कर उनकी परेशानियों के बारे में जानकारी ली. उन्होंने कहा कि बिहार के कई जिले अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं. जलस्तर में कमी जरूर आई है. लेकिन बाढ़ का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. कई जगहों पर लोगों की मुश्किलें अभी भी बनी हुई हैं.
बिहार में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है
बता दें कि बिहार में इस साल बाढ़ ने कई इलाकों में विकराल रूप दिखाया. लगातार बारिश और नदियों के बढ़े जलस्तर से कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी. गंगा, गंडक, कोसी, बूढ़ी गंडक और बागमती समेत कई नदियों के तांडव से बिहार बेहाल हो गया. निचले इलाकों में पानी फैलने से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए. कई जगहों पर सड़क और संपर्क मार्ग पानी में डूब गए. गांवों में आने-जाने के लिए नावों का सहारा लेना पड़ा. खेतों में पानी भरने से फसलों को भी नुकसान पहुंचा.
मदद के बावजूद बाढ़ का असर
हालांकि, प्रशासन की ओर से राहत शिविर, सामुदायिक रसोई और राहत सामग्री वितरण जैसी व्यवस्थाएं की गईं. बचाव और राहत कार्यों में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों की भी मदद ली गई. लेकिन, इसके बावजूद बाढ़ का असर पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है. पानी उतरने के बाद भी लोगों के सामने घरों की सफाई, रोजगार, पशुओं के चारे और फसल से जुड़े नुकसान जैसी समस्याएं हैं.
‘बिहार मेरे खून में बसा है’
बेगूसराय में सोनू सूद ने कहा कि बिहार उनके रग-रग में बसा है. उन्होंने कहा कि बिहार के लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर काम करते हैं. वे कई क्षेत्रों में योगदान देते हैं. मेहनत करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब बिहार के कई हिस्से बाढ़ से प्रभावित हैं, हर व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार मदद करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि लोगों की मदद करना केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है. समाज के सभी लोगों को इसमें अपना योगदान देना चाहिए. सोनू सूद ने कहा कि बिहार में जब भी आपदा की स्थिति आएगी, वह पीड़ित लोगों के साथ खड़े रहने की कोशिश करेंगे. उन्होंने कहा कि राहत पहुंचाने के साथ लोगों के सुख-दुख में भागीदार बनना भी जरूरी है.
बाढ़ के स्थायी समाधान की अपील
साथ ही, सोनू सूद ने बिहार सरकार से बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ के स्थायी समाधान को लेकर प्रयास कर रही है. लेकिन इसके लिए ऐसे कारगर कदम उठाने की जरूरत है, जिससे हर साल आने वाली बाढ़ से लोगों को राहत मिल सके. उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों से उनका जुड़ाव लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में बिहार के प्रति भी उनका दायित्व बनता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब भी राज्य में आपदा की स्थिति बनेगी, वह अपनी क्षमता के अनुसार बिहार के लोगों की मदद के लिए खड़े मिलेंगे.