नैनीताल-कैंची धाम जाने वालों के लिए जरूरी खबर, वीकेंड पर रास्तों में लग सकता है लंबा जाम


Last Updated:

Nainital Traffic Alert : नैनीताल-कैंची धाम में उमड़ रही पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस अलर्ट है. भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है. हल्द्वानी से पहाड़ जाने वाले वाहनों के लिए भी रूट बदला गया है. 

Top Deals Inside

नैनीताल-कैंची धाम घूमने का प्लान तो जान लें ट्रैफिक अपडेट, वरना मिल सकता जामZoom

कैंची धाम से नैनीताल तक वाहनों की लग स कती हैं कतारें

नैनीताल (गौरव जोशी) : वीकेंड पर सरोवर नगरी नैनीताल और विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है. 31 अक्टूबर और एक नवंबर को नैनीताल, कैंची धाम, भवाली और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में यातायात का दबाव नियंत्रित करने के लिए रूट डायवर्जन, पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था की गई है. वहीं हल्द्वानी शहर में भी पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों के लिए अलग यातायात प्लान जारी किया गया है. पुलिस ने यात्रियों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है.

एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जारी व्यवस्था के तहत कैंची धाम की ओर जाने वाले भारी व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही पर सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंध रहेगा. ऐसे वाहनों को जिले की बाहरी सीमाओं पर ही रोका जाएगा. इसके अलावा कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सियों, सामान्य दोपहिया वाहनों और पीली नंबर प्लेट वाले व्यावसायिक दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है. श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए निजी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा. यहां से कैंची धाम तक पहुंचने के लिए शटल सेवा का संचालन किया जाएगा.

हल्द्वानी में सुबह नौ से रात दस बजे तक डायवर्जन

  • वीकेंड पर 31 अक्टूबर और एक नवंबर को हल्द्वानी शहर का यातायात एवं डायवर्जन प्लान सुबह नौ बजे से रात दस बजे तक प्रभावी रहेगा.
  • बरेली रोड से आने वाले और पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों को तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम की ओर भेजा जाएगा.
  • रुद्रपुर की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों को पंतनगर तिराहा (दिनेशपुर मोड़) से नए राष्ट्रीय राजमार्ग-109 होते हुए लालकुआं, तीनपानी फ्लाईओवर और गोलापार रोड के रास्ते नारीमन तिराहा पहुंचना होगा.
  • वहीं जो वाहन हल्द्वानी शहर में प्रवेश कर जाएंगे, उन्हें गन्ना सेंटर से डायवर्ट कर तीनपानी फ्लाईओवर और गौला रोड के रास्ते नारीमन तिराहा भेजा जाएगा.
  • रामनगर और बाजपुर की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों को कालाढूंगी स्थित नैनीताल तिराहे से मंगोली की ओर डायवर्ट किया जाएगा. यहां से वाहन अपने निर्धारित गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.

भारी वाहनों की आवाजाही पर रहेगी रोक

यात्रा मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा. आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहन, जैसे सब्जी, फल, ईंधन, गैस और दूध के वाहन भी दोपहर दो बजे से रात 11 बजे तक यात्रा मार्ग पर नहीं चल सकेंगे. पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी की ओर आने वाले सभी भारी वाहनों को सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक जनपद सीमा पर रोका जाएगा. यदि कोई भारी वाहन शहर की ओर प्रवेश कर जाता है तो उसे नंबर एक बैंड से पीछे सड़क के बाईं ओर अथवा सलड़ी पुलिस चौकी क्षेत्र में अमृतपुर मोड़ से अंदर पार्क कराया जाएगा.

नैनीताल से हल्द्वानी आने वाले वाहनों का रूट बदलेगा

काठगोदाम क्षेत्र में यातायात का दबाव अधिक होने पर दोपहर तीन बजे के बाद नैनीताल और भवाली से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाले पर्यटक वाहनों को मस्जिद तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा. ऐसे वाहनों को नंबर एक बैंड और रूसी बाईपास द्वितीय से होते हुए रूसी बाईपास प्रथम और कालाढूंगी के रास्ते उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा. हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाली रोडवेज और केमू की बसों का संचालन उनके निर्धारित मार्गों से ही जारी रहेगा.

पुलिस की पर्यटकों से अपील

पुलिस ने वीकेंड पर नैनीताल और कैंची धाम आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले यातायात प्लान की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें. निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और सड़क किनारे वाहन खड़े न करें. पुलिस का कहना है कि विशेष ट्रैफिक व्यवस्था का उद्देश्य पर्यटकों और श्रद्धालुओं को जाम से राहत देने के साथ ही स्थानीय लोगों की आवाजाही को भी सुगम बनाए रखना है.



Source link