Last Updated:
Jamia Millia Islamia Mid-Term Exam 2026: जामिया मिल्लिया इस्लामिया के नए आदेश के मुताबिक, अब 9 नवंबर तक ही ऑनलाइन क्लासेस चलेंगी. 10 नवंबर से यूनिवर्सिटी में ऑफलाइन पढ़ाई शुरू हो जाएगी. वहीं सेकंड मिड-टर्म एग्जाम 16 से 21 नवंबर के बीच होंगे. प्रशासन ने पुराने सभी नोटिस रद्द कर नया एकेडमिक शेड्यूल जारी कर दिया है.
Jamia Millia Islamia: जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मिड टर्म एग्जाम नवंबर में होंगे
नई दिल्ली (Jamia Millia Islamia Mid-Term Exam 2026). जामिया मिल्लिया इस्लामिया में पढ़ाई कर रहे हजारों स्टूडेंट्स के लिए राहत भरी खबर आई है. पिछले कुछ दिनों से ऑनलाइन क्लासेस और परीक्षाओं को लेकर बने कंफ्यूजन और स्टूडेंट्स के विरोध के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. रजिस्ट्रार ऑफिस के नए नोटिस के मुताबिक, अब कैंपस में ऑनलाइन पढ़ाई का दौर बहुत जल्द खत्म होने वाला है. क्लास और परीक्षाओं से जुड़े पिछले सारे नोटिफिकेशन रद्द कर दिए गए हैं.
जामिया प्रशासन का यू-टर्न, पुराने नोटिस रद्द
जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने पिछले कुछ दिनों के दौरान जारी किए गए अपने सभी पुराने आदेशों पर रोक लगा दी है. रजिस्ट्रार प्रोफेसर मो. महताब आलम रिजवी ने 30 अक्टूबर को नया और संशोधित नोटिफिकेशन जारी किया. इस नए आदेश के आते ही 24, 26 और 28 अक्टूबर को जारी किए गए पिछले सभी सर्कुलर कैंसिल हो चुके हैं. यूनिवर्सिटी के इस कदम से उन स्टूडेंट्स को बड़ी राहत मिली है, जो ऑनलाइन और ऑफलाइन सिस्टम के बीच लगातार असमंजस की स्थिति का सामना कर रहे थे.
9 नवंबर तक ही लैपटॉप की स्क्रीन, 10 नवंबर से क्लासरूम का माहौल
नए एकेडमिक प्लान के अनुसार, जामिया में ऑनलाइन मोड में पढ़ाई सिर्फ 9 नवंबर 2026 तक ही जारी रहेगी. इसके ठीक अगले दिन यानी 10 नवंबर 2026 से सभी विभागों और फैकल्टीज में फिजिकल यानी ऑफलाइन कक्षाएं शुरू हो जाएंगी. लंबे समय बाद स्टूडेंट्स एक बार फिर अपने प्रोफेसर्स के सामने बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे. इस फैसले से प्रैक्टिकल वर्क और डिस्कशन बेस्ड पढ़ाई करने वालों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा. ऑनलाइन मोड में कई विषयों को प्रैक्टिकली समझ पाना काफी मुश्किल हो रहा था.
16 से 21 नवंबर के बीच होंगे सेकंड मिड-टर्म एग्जाम
जामिया प्रशासन ने सिर्फ रेगुलर क्लासेस ही नहीं, बल्कि असेसमेंट के तरीके में भी बड़ा बदलाव किया है. नए आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यूनिवर्सिटी के सेकंड मिड-टर्म एग्जाम अब ऑनलाइन मोड में नहीं होंगे. जामिया की ये परीक्षाएं ऑफलाइन मोड में ही होगी. जामिया के सेकंड मिड-टर्म एग्जाम 16 नवंबर से 21 नवंबर 2026 के बीच होंगे. सभी स्टूडेंट्स को तय शेड्यूल के मुताबिक अपने-अपने डिपार्टमेंट्स में जाकर एग्जाम पेन-पेपर मोड में देने होंगे.
2026-27 का एकेडमिक कैलेंडर और अटेंडेंस का नया नियम
जामिया प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बची हुई सभी एकेडमिक एक्टिविटीज (जैसे प्रैक्टिकल, सेमिनार और प्रोजेक्ट्स) वर्ष 2026-27 के एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार ही होंगी. साथ ही, यूनिवर्सिटी के सभी डीन, विभागाध्यक्षों (HODs) और सेंटर डायरेक्टर्स को सख्त हिदायत दी गई है कि वे स्टूडेंट्स के डेली अटेंडेंस और एग्जामिनेशन रिकॉर्ड को पूरी ट्रांसपेरेंसी के साथ मेंटेन रखें. ऑफलाइन क्लास शुरू होने के बाद अटेंडेंस के नियमों में कोई ढील नहीं दी जाएगी.
28 अक्टूबर के पुराने आदेश से तुलना: कहां आया बड़ा फर्क?
अगर 28 अक्टूबर को जारी हुए पुराने आदेश से इसकी तुलना करें तो फर्क साफ नजर आता है. पुराने सर्कुलर में 24 नवंबर तक ऑनलाइन पढ़ाई खींचने का प्लान था और दिसंबर में एंड-सेमेस्टर परीक्षाएं भी ऑनलाइन कराने की बात कही गई थी. हालांकि, कैंपस का माहौल सुधारने, शिक्षा की क्वॉलिटी बनाए रखने और स्टूडेंट्स की मांग को देखते हुए यूनिवर्सिटी ने अपना फैसला बदल दिया. अब परीक्षाएं और क्लासेस जमीनी स्तर पर कैंपस के अंदर ही होंगी.