अमरूद की बागवानी के बीच लगाएं ये सब्जियां, किसान ने बताया कमाई का तरीका
Last Updated:
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के किसान राम अवतार निषाद अमरूद की बागवानी के साथ बैंगन, पालक और मूली की खेती कर रहे हैं. उन्होंने करीब दो बीघा जमीन में ताइवान पिंक अमरूद के पौधे लगाए हैं और उनके बीच खाली जगह का इस्तेमाल सब्जियां उगाने में कर रहे हैं. किसान को बैंगन की फसल से 70 से 80 हजार रुपये तक की कमाई की उम्मीद है. जानिए एक ही खेत में कई फसलें उगाने का उनका तरीका और इसकी खासियत.
गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में किसान अब एक ही खेत से कई फसलें उगाकर अपनी आमदनी बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं. यहां एक किसान अमरूद की बागवानी के साथ बैंगन, पालक और मूली की खेती कर रहे हैं. इससे खेत की खाली जमीन का सही इस्तेमाल हो रहा है और कई फसलों से कमाई का मौका मिल रहा है.
अमरूद के पेड़ों के बीच उगा रहे सब्जियां
लोकल 18 से बातचीत के दौरान प्रगतिशील किसान राम अवतार निषाद बताते हैं कि वह अमरूद के पेड़ों के बीच खाली पड़ी जमीन पर बैंगन, पालक और मूली की खेती कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि पालक और मूली की फसल बुवाई के करीब 20 दिन बाद तैयार हो जाती है. इनकी कटाई के बाद खेत में दूसरी फसल लगा देंगे. इससे खेत खाली नहीं रहेगा और लगातार फसल लेने का मौका मिलेगा.
दो किस्म के बैंगन की कर रहे खेती:
राम अवतार निषाद बताते हैं कि उन्होंने बैंगन की दो किस्में लगाई हैं. इसमें एक लंबा और दूसरा गोल बैंगन है. दोनों में फूल और फल आने शुरू हो गए हैं. बैंगन लगाने के करीब 60 दिन बाद फल देना शुरू कर देता है और लगभग 6 से 7 महीने तक पैदावार देता रहता है.
ताइवान पिंक अमरूद की कर रहे बागवानी
किसान बताते हैं कि वह ताइवान पिंक किस्म के अमरूद की बागवानी कर रहे हैं. इसमें पौधे से पौधे और लाइन से लाइन की दूरी 2 मीटर रखी गई है. अमरूद का पौधा लगाने के करीब डेढ़ साल बाद फल देना शुरू कर देता है. उनके बाग में अब फल आने लगे हैं, जिनकी तुड़ाई सर्दियों के मौसम में की जाएगी.
70 से 80 हजार रुपये कमाई की उम्मीद
राम अवतार निषाद बताते हैं कि उन्होंने करीब दो बीघा जमीन में अमरूद के पौधे लगाए हैं. इसके बीच बैंगन की खेती भी कर रहे हैं. उन्हें उम्मीद है कि बैंगन की फसल से 70 से 80 हजार रुपये तक की कमाई हो सकती है. उनका कहना है कि बैंगन की फसल से ही लागत निकल आने की उम्मीद है. इसके बाद अमरूद से होने वाली कमाई अलग होगी.
उन्होंने बताया कि दो बीघा में अमरूद की बागवानी करने में करीब 30 से 35 हजार रुपये की लागत आई है. अच्छी पैदावार के लिए समय-समय पर खेत की जुताई करनी चाहिए. साथ ही खाद और पानी का सही समय पर ध्यान रखना जरूरी है. अमरूद के पौधे बड़े होने पर उनके बीच खाली जगह में कंद वाली फसलें भी उगाई जा सकती हैं.