Last Updated:
Raipur Ravi Bhawan Mobile Market: रायपुर का रवि भवन करीब 500 दुकानों वाला मोबाइल बाजार है, जहां नए-पुराने फोन, रिपेयरिंग और एक्सेसरीज एक ही जगह मिलती हैं. अच्छी कीमतों के कारण दूसरे जिलों और राज्यों से भी ग्राहक और व्यापारी यहां पहुंचते हैं. अच्छी कीमत और वैरायटी के कारण छत्तीसगढ़ के जिलों के अलावा ओडिशा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और आंध्र प्रदेश से भी व्यापारी और ग्राहक यहां आते हैं.
राहुल दुबे(रायपुर),
Raipur Ravi Bhawan Mobile Market: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बीचों-बीच स्थित रवि भवन मोबाइल और एक्सेसरीज की खरीदारी के लिए मशहूर है. यहां मोबाइल फोन, सेकंड हैंड मोबाइल, रिपेयरिंग और मोबाइल एक्सेसरीज की सैकड़ों दुकानें हैं. करीब 500 दुकानों वाला यह बाजार रायपुर के साथ दूसरे जिलों और राज्यों के लोगों के लिए भी खरीदारी का बड़ा केंद्र बन गया है. यहां थोक और खुदरा दोनों तरह का कारोबार होता है.
30 साल पुराना है रवि भवन का बाजार
रवि भवन के कारोबारी लखीम अंसारी बताते हैं कि इस जगह का इतिहास काफी पुराना है. उनके दादा के अनुसार, रवि भवन के मुख्य लाल गेट के पास पहले बस स्टैंड हुआ करता था. यहां से लोग बालोद और आसपास के गांवों में जाने के लिए बस पकड़ते थे. बाद में रवि भवन बना और यह जगह मोबाइल कारोबार के लिए पहचानी जाने लगी. पुराने लाल गेट को उसकी पहचान के चलते सुरक्षित रखा गया.
एक ही जगह मिलते हैं कई विकल्प
कारोबारी सुशील लालवानी बताते हैं कि रवि भवन को बने करीब 30 साल हो चुके हैं. यहां ग्राउंड फ्लोर पर लगभग 200 दुकानें हैं. इन दुकानों में नए मोबाइल, सेकंड हैंड फोन, मोबाइल रिपेयरिंग और अलग-अलग तरह की एक्सेसरीज मिलती हैं. ग्राहकों को मोबाइल से जुड़ी कई चीजें एक ही जगह मिल जाती हैं, जिससे उन्हें अलग-अलग बाजारों में भटकना नहीं पड़ता.
दूसरे राज्यों से भी आते हैं ग्राहक
रवि भवन की खासियत यहां मिलने वाली वैरायटी और कीमतें हैं. कारोबारियों के मुताबिक, यहां कई सामान दूसरे बड़े बाजारों के मुकाबले अच्छी कीमत पर मिल जाते हैं. यहां सेकंड हैंड मोबाइल का थोक कारोबार भी होता है. छोटे दुकानदार अपनी दुकानों के लिए यहीं से मोबाइल और एक्सेसरीज खरीदकर ले जाते हैं.
मोबाइल कारोबार का बड़ा केंद्र बना रवि भवन
रवि भवन में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के अलावा ओडिशा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और आंध्र प्रदेश से भी व्यापारी और ग्राहक आते हैं. दूसरे राज्यों तक फैले कारोबार ने इस बाजार को खास पहचान दिलाई है.