Last Updated:
Vande Bharat Train : दिवाली और छठ पर घर जाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए रेलवे ने खास सौगात दी है. वाराणसी से नई दिल्ली के बीच दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन शुरू होने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज बनारस स्टेशन से इसे हरी झंडी दिखाएंगे. खास बात यह है कि यात्री रात में सफर करेंगे और सुबह दिल्ली पहुंच जाएंगे. जानिए ट्रेन का टाइम, नंबर और इससे जुड़ी हर जरूरी जानकारी.
वाराणसी से राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के बीच दौड़ेगी वंदे भारत.
वाराणसी : दिवाली और छठ पर घर जाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए रेलवे एक बड़ी सौगात लेकर आया है. वाराणसी से नई दिल्ली के बीच दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन शुरू होने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज यानी 31 अक्टूबर को बनारस रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. रात में सफर करके सुबह दिल्ली पहुंचने की सुविधा से यात्रियों का समय बचेगा और त्योहारों पर घर पहुंचना भी आसान होगा.
रात में वाराणसी से चलें, सुबह दिल्ली पहुंचें
नई स्लीपर वंदे भारत ट्रेन वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी. वापसी में यह ट्रेन रात 9:40 बजे दिल्ली से चलेगी और सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी. इस ट्रेन में रातभर आराम से सफर करने की सुविधा मिलेगी. खासकर उन लोगों को राहत मिलेगी, जो नौकरी या कारोबार के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं और त्योहारों पर परिवार के साथ समय बिताने के लिए घर लौटते हैं.
| वाराणसी-दिल्ली स्लीपर वंदे भारत की टाइमिंग | |
|---|---|
| विवरण | जानकारी |
| वाराणसी से दिल्ली ट्रेन नंबर | 27421 |
| दिल्ली से वाराणसी ट्रेन नंबर | 27422 |
| वाराणसी से प्रस्थान | रात 8:50 बजे |
| दिल्ली पहुंचने का समय | सुबह 6:10 बजे |
| दिल्ली से वापसी | रात 9:40 बजे |
| वाराणसी पहुंचने का समय | सुबह 7:10 बजे |
| उद्घाटन स्थल | बनारस रेलवे स्टेशन |
| उद्घाटन प्लेटफॉर्म | प्लेटफॉर्म नंबर 8 |
शनिवार को बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-8 से ट्रेन को उद्घाटन स्पेशल के रूप में रवाना किया जाएगा. कार्यक्रम के लिए प्लेटफॉर्म के हरदत्तपुर साइड में पंडाल तैयार किया गया है. रेलवे ने आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं. उद्घाटन के दौरान विभिन्न स्कूलों के 60 बच्चे भी ट्रेन में सवार होंगे. कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे.
दो मेमू ट्रेनों की भी मिलेगी सौगात
स्लीपर वंदे भारत के साथ ही वाराणसी क्षेत्र के यात्रियों को दो नई मेमू ट्रेनों की सुविधा भी मिलेगी. मुख्यमंत्री और रेल मंत्री वाराणसी सिटी-राजा तालाब मेमू और प्रयागराज रामबाग-बनारस मेमू ट्रेन को वर्चुअल हरी झंडी दिखाएंगे. पहले दिन वाराणसी सिटी-राजा तालाब मेमू कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4/5 से रवाना होगी. वहीं, प्रयागराज रामबाग-बनारस मेमू प्रयागराज रामबाग से चलेगी. इन स्टेशनों पर उद्घाटन कार्यक्रम के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीनें लगाई जा रही हैं. इन ट्रेनों से रोजाना काम, पढ़ाई और दूसरे जरूरी कामों के लिए आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है.
वंदे भारत ट्रेनों के संचालन में भी बदलाव
उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए बनारस स्टेशन पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. दोपहर 2 बजे के बाद द्वितीय प्रवेश द्वार से यात्रियों की आवाजाही रोक दी जाएगी. इस दिन बनारस-खजुराहो वंदे भारत प्लेटफॉर्म नंबर-3 और बनारस-आगरा वंदे भारत प्लेटफॉर्म नंबर-1 से रवाना होगी. यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले प्लेटफॉर्म की जानकारी जरूर देखनी चाहिए.
वाराणसी से पहले ही चल रही हैं 8 वंदे भारत ट्रेनें
नई स्लीपर वंदे भारत के शुरू होने से वाराणसी की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी. अभी कैंट स्टेशन से नई दिल्ली के लिए दो वंदे भारत ट्रेनें चलती हैं. इसके अलावा देवघर, रांची और मेरठ के लिए एक-एक ट्रेन का संचालन होता है. पटना-गोमतीनगर वंदे भारत भी कैंट स्टेशन से होकर गुजरती है. वहीं, बनारस स्टेशन से खजुराहो और आगरा के लिए वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं. नई स्लीपर ट्रेन के जुड़ने से वाराणसी और दिल्ली के बीच यात्रियों को रात में आरामदायक सफर का एक और विकल्प मिलेगा. त्योहारों के मौसम में जब घर लौटने के लिए ट्रेनों में भीड़ बढ़ जाती है, ऐसे में यह नई ट्रेन उन लोगों के लिए खास राहत लेकर आएगी, जो अपनों के साथ दिवाली और छठ मनाने का इंतजार करते हैं.