Last Updated:
Bihar Weather 31 October: बिहार में चक्रवात अर्नब का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है. इसके बावजूद राहत मिलने की पूरी उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार चंपारण समेत कई जिलों में आज भी हल्की बारिश के आसार हैं. बेमौसम इस बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है. तीन नवंबर से मौसम साफ होने पर ठंड बढ़ेगी.
बिहार में आज भी बारिश की संभावना(सांकेतिक फोटो)
पटनाः बिहार में चक्रवात अर्नब का असर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है. पिछले तीन दिनों से राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही थी. अब मौसम में बदलाव आने की उम्मीद जताई जा रही है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज 31 अक्टूबर और शनिवार का दिन है. राज्य के कुछ जिलों में आज भी हल्की बारिश की संभावना है. इस दौरान करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. राहत की बात यह है कि किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. सभी जिलों को फिलहाल ग्रीन जोन में रखा गया है.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि कल यानी 1 नवंबर को भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. राज्य के सभी जिलों में एक साथ मौसम पूरी तरह साफ होने की उम्मीद नहीं है. पिछले 24 घंटों के दौरान पटना समेत करीब 10 जिलों में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही. राजधानी पटना में पूरे दिन घने बादल छाए रहे. इस बेमौसम बारिश की वजह से खेतों में खड़ी धान की फसल के अलावा गन्ना, आलू और अन्य सब्जियों को भारी नुकसान पहुंचा है.
कब से सामान्य होगा मौसम?
- चक्रवात का प्रभाव कम होने के बाद भी उत्तर बिहार के कुछ जिलों में बादल छाए रहने के आसार हैं. इन जिलों में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी शामिल हैं. यहां कुछ जगहों पर हल्की बारिश के साथ-साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है. हालांकि, पहले के मुकाबले अब बारिश की तीव्रता और उसका दायरा काफी कम हो गया है. मौसम विभाग का मानना है कि 2 नवंबर के बाद राज्य के अधिकांश इलाकों में मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा.
पटना में आज कैसा रहेगा मौसम?
- राजधानी पटना के मौसम की बात करें तो आज यहां आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. दिनभर में एक-दो बार हल्की बारिश भी हो सकती है. विभाग के अनुसार आज पटना का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. कल यानी 1 नवंबर को भी पटना में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना बनी हुई है. इसके बाद 2 नवंबर को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. अंततः 3 नवंबर से मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा और उसके बाद ठंड में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी.
अधिकतम तापमान में गिरावट
- इस लगातार बारिश के कारण बिहार के लगभग सभी जिलों के अधिकतम तापमान में अच्छी खासी गिरावट दर्ज की गई है. मौसम पूरी तरह साफ होने के बाद दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं, नवंबर महीने के पहले सप्ताह से न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आनी शुरू हो जाएगी. इसके बाद सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास काफी बढ़ जाएगा. आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ और हवा की दिशा में होने वाला बदलाव भी मौसम को प्रभावित करेगा.
पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश?
- पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो बिहार के अधिकांश जिलों में पानी बरसा है. सबसे अधिक 34.8 मिलीमीटर बारिश नवादा जिले में दर्ज की गई है. इसके अलावा नालंदा में 32.6 मिमी, कैमूर में 31.2 मिमी और पटना में 24.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है. दरभंगा में 24.1 मिमी, गया में 24 मिमी, सीवान में 21.9 मिमी, जमुई में 21.8 मिमी और लखीसराय में 21 मिमी वर्षा हुई है. रोहतास और मुजफ्फरपुर में भी 20.4-20.4 मिलीमीटर पानी गिरा है.
बीते कल के तापमान का हाल
- यदि पूरे अक्टूबर महीने की बात करें तो बिहार में सामान्य तौर पर 57.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी. लेकिन इसकी तुलना में कुल 43.1 मिमी ही वर्षा दर्ज की गई है. इस तरह पूरे राज्य में सामान्य से 14.1 मिलीमीटर यानी करीब 25 प्रतिशत कम बारिश हुई है. बीते दिन यानी 30 अक्टूबर के तापमान की बात करें तो कैमूर में सबसे ज्यादा 27.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था. वहीं पटना में 22.8 डिग्री, गया में 21.8 डिग्री, भागलपुर में 23.8 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 22.2 डिग्री और दरभंगा में 23.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था.