पंजाब से आया वीडियो, दिल्ली में फैला रहा दहशत, दिवाली से पहले ही संकट की आहट?
Last Updated:
दिवाली से पहले पंजाब में पराली जलाने के वीडियो सामने आने से दिल्ली की हवा खराब होने का खतरा बढ़ गया है. हालांकि 29 अक्टूबर से बारिश के चलते दिल्ली की हवा साफ हुई है लेकिन आने वाले दिनों में एक बार फिर हवा में जहर घुलने की आशंका बढ़ गई है.
पंजाब से आया वीडियो, दिल्ली में फैला रहा दहशत, दिवाली से पहले ही राजधानी में संकट की आहट?
दिल्ली में हर साल दीवाली के बाद सांसों पर संकट आता है लेकिन इस बार त्योहार से पहले ही मुसीबत की आहट सुनाई देने लगी है. पंजाब से आया एक वीडियो दिल्ली में दहशत फैला रहा है. इस वीडियों में खेतों में जलती आग और हवाओं में घुलता धुआं आने वाले दिनों में दिल्ली की हवा में जहर घुलने का संकेत दे रहा है.
सिर्फ यही नहीं ऐसे कई वीडियो हैं जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. जिनमें देखा जा सकता है कि किसान खेतों में ही पराली में आग लगा रहे हैं. एक वायरल वीडियो में खेत में किसान पराली के ढेर में आग लगाने के बाद मशीन के प्रेशर से लगातार उसमें पराली ऐसे डाल रहे हैं, जैसे हवन में सामग्री डाली जाती है. जहां किसानों ने इसे तकनीक बताया, वहीं लोगों ने इस तरह पराली में आग लगाने पर सवाल भी उठाए हैं.
बता दें कि पंजाब में हर साल ही पराली जलाई जाती है. जिसका धुआं हवा के साथ बहकर दिल्ली-एनसीआर में आ जाता है. अक्सर दिल्ली और पंजाब की सरकारों के बीच पराली को लेकर आरोप-प्रत्यारोप भी होते हैं. इसी को लेकर हाल ही में दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिरसा ने ट्वीट भी किया. इसमें उन्होंने कहा, ‘ जब दिल्ली में आप सरकार सत्ता में थी, तब पंजाब की पराली के लिए सब जिम्मेदार थे, सिर्फ वे नहीं, अब पंजाब में भी आप सरकार है, और आग पहले से भी ज्यादा भड़क रही है, यह लाचारी नहीं है यह आप सरकार की अक्षमता है. आज भी दिल्ली घुट रही है.’
बारिश के चलते सुधरी दिल्ली की हवा
बता दें कि दशहरा के बाद से ही दिल्ली की हवा में जहर घुलना शुरू हो गया था. दिल्ली में एयर क्वालिटी खराब श्रेणी में पहुंच गई थी, हालांकि तूफान अर्नब के असर के चलते दिल्ली में हल्की बारिश ने 29 अक्टूबर से राजधानी की हवा को साफ कर दिया है और प्रदूषण स्तर पर घट गया है. सीपीसीबी के अनुसार 30 अक्टूबर को दिल्ली के इंडिया गेट पर एक्यूआई 93 दर्ज किया गया जो सांस लेने के लिए मॉडरेट है. हालांकि बारिश का असर खत्म होने के बाद एक बार फिर हवा में प्रदूषण स्तर बढ़ने की आशंका है.