अमेरिका का गद्दार जनरल! लीक कर रहा था यूक्रेन और ईरान से जुड़े टॉप सीक्रेट
Last Updated:
US General Leaking Classified Document: जरा सोचिए कि सबसे ऊंचे पद पर बैठे सैन्य अधिकारियों के पास देश की सुरक्षा से जुड़े हुए कितने सीक्रेट होते हैं. अगर वे इसे लीक करने लगें तो सिक्योरिटी पर कितना खतरा मंडराने लगेगा. अमेरिका में एक टॉप जनरल ने ऐसा ही किया और आखिरकार उसका ये राज दुनिया के सामने आ गया है.
अमेरिका के जनरल निकले गद्दार. (क्रेडिट- रॉयटर्स)
US General Leaking Classified Document: किसी भी देश की सेना में बड़े पद पर बैठे अधिकारी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है देश की सुरक्षा करना और गोपनीय जानकारियों को दुश्मनों तक पहुंचने से रोकना लेकिन अमेरिका में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने वहां के रक्षा विभाग की चिंता बढ़ा दी है. जिस अधिकारी के पास अमेरिकी सेना की महत्वपूर्ण सैन्य योजनाओं की जिम्मेदारी थी, उसी पर देश की खुफिया जानकारी पत्रकारों के साथ साझा करने का आरोप लगा है. हैरानी की बात यह है कि जांच के दौरान इस अधिकारी ने खुद ही पत्रकारों से संपर्क करने और गोपनीय जानकारियां साझा करने की बात स्वीकार की.
अमेरिका के इस भेदिये लेफ्टिनेंट का नाम जनरल ब्रेट सिल्विया है. वह अमेरिकी रक्षा विभाग में टॉप मिलिट्री एडवाइजर के पद पर काम कर चुके हैं. उन पर यूक्रेन और ईरान से जुड़े युद्धों की गोपनीय जानकारी दो अलग-अलग मीडिया संस्थानों के पत्रकारों तक पहुंचाने का आरोप है. अमेरिकी मीडिया संस्थान एक्सियोस (Axios) को मिली आंतरिक जांच रिपोर्ट के मुताबिक ऐसा एक-दो बार नहीं हुआ बल्कि यह सिलसिला करीब एक साल तक चलता रहा.
मामले की जांच के दौरान अमेरिकी अधिकारियों ने सिल्विया से कई बार पूछताछ की. उनका पॉलीग्राफ टेस्ट यानी झूठ पकड़ने वाली मशीन से भी परीक्षण किया गया. एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक वह चार बार इस टेस्ट में पास नहीं हो सके. इसके बाद रिकॉर्ड की गई पूछताछ में उन्होंने पत्रकारों के साथ संपर्क और अनधिकृत रूप से जानकारी देने की बात स्वीकार की. जांच रिपोर्ट के मुताबिक यह सिलसिला जून, 2025 से शुरू हुआ था. इसके बाद पत्रकारों के साथ मुलाकातों और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप सिग्नल के जरिए बातचीत का दौर चलता रहा. इसका इस्तेमाल आमतौर पर निजी और गोपनीय बातचीत के लिए होता है.
इस पूरे मामले का एक दिलचस्प पहलू वर्जीनिया के आर्लिंगटन स्थित सिल्वर डाइनर रेस्टोरेंट में हुई मुलाकात है. रिपोर्ट के मुताबिक पेंटागन में एक पत्रकार की एंट्री बंद होने के बाद सिल्विया ने उससे रेस्टोरेंट में मुलाकात की थी. बताया गया है कि इस दौरान जनरल ने एक गोपनीय रिपोर्ट का अध्ययन करते समय बनाए गए नोट्स की मदद से यूक्रेन को अमेरिका की सैन्य सहायता से जुड़ी जानकारी मौखिक रूप से साझा की. वो पत्रकार एक किताब पर काम कर रहा था और जनरल से पहले भी दो बार मिल चुका था. सबसे गंभीर बात यह थी कि सिल्विया ने इन मुलाकातों की जानकारी पेंटागन के जनसंपर्क विभाग को नहीं दी थी. उन्होंने गोपनीय जानकारी साझा करने की अनुमति भी नहीं ली थी.
इस मामले के सामने आने के बाद अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सिल्विया को उनके पद से हटा दिया. पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने कहा कि गोपनीय सूचनाओं को जानबूझकर और बिना अनुमति सार्वजनिक करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले को संभावित कानूनी कार्रवाई के लिए अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) के पास भेजा गया है. हालांकि प्रवक्ता ने अपने बयान में सिल्विया का नाम नहीं लिया.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login