‘5 योजनाओं से किसानों के बचे ₹50 लाख करोड़’, बनासकांठा में गरजे PM मोदी
Last Updated:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में दावा किया कि पांच सरकारी योजनाओं से किसानों को करीब 50 लाख करोड़ रुपए का फायदा और बचत हुई है. उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी की. इसके तहत देश के 10 करोड़ किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ रुपए भेजे गए. गुजरात के 50 लाख से ज्यादा किसानों को भी इसका लाभ मिला. पीएम ने खाद सब्सिडी, MSP पर खरीद, फसल बीमा और सोलर पंप जैसी योजनाओं का जिक्र किया. इस दौरान गुजरात को 14 हजार करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी गई. सभा में कुर्सियों की जगह चारपाइयां बिछाने पर मोदी ने गिनीज बुक का जिक्र करते हुए मजाक भी किया.
पीएम मोदी ने पशुपालन को किसानों की कमाई बढ़ाने का महत्वपूर्ण जरिया बताया.
गुजरात के बनासकांठा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के लिए योजनाओं और सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया. उन्होंने दावा किया कि सरकार की पांच प्रमुख योजनाओं और पहलों से देश के किसानों को करीब 50 लाख करोड़ रुपए की बचत और आर्थिक मदद मिली है. इस दौरान पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त भी जारी की गई. देश के करीब 10 करोड़ किसानों के खातों में कुल 18 हजार करोड़ रुपए भेजे गए. गुजरात के 50 लाख से ज्यादा किसानों को भी इसका फायदा मिला. इसके अलावा राज्य को 14 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की विकास परियोजनाओं की सौगात दी गई. लेकिन इस कार्यक्रम में एक और चीज ने सबका ध्यान खींचा. सभा में कुर्सियों की जगह किसानों के बैठने के लिए चारपाइयां बिछाई गई थीं.
पीएम मोदी ने इस व्यवस्था पर चुटकी लेते हुए कहा कि अगर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड वालों को बुलाया होता तो शायद यह आयोजन रिकॉर्ड में दर्ज हो जाता. उन्होंने कहा कि बनासकांठा के लोगों ने गांवों की पुरानी परंपरा को जीवित रखा है. अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने मां अंबा को प्रणाम किया और हिंदी में बोलने की अनुमति भी मांगी. इसके बाद किसानों की आय और खेती को मजबूत करने के लिए सरकार की योजनाओं का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि किसान विकसित भारत के सबसे मजबूत स्तंभों में से एक हैं. सरकार ने उनकी जरूरतों को प्राथमिकता दी है.
#WATCH | Gujarat | Addressing a public event in Banaskantha, PM Modi says, “Amid global uncertainties, there was a huge jump in the price of fertilisers, but our government, which is dedicated to the welfare of farmers, did not let the burden of this price rise fall on farmers. The government spent Rs 16 lakh crore on this…”
(Video source: DD)
प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी करते हुए बताया कि देश के करीब 10 करोड़ किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ रुपए भेजे गए हैं. गुजरात के 50 लाख से ज्यादा किसानों को करीब एक हजार करोड़ रुपए मिले हैं. अकेले बनासकांठा के किसानों के खातों में 50 करोड़ रुपए पहुंचे हैं. मोदी ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत अब तक करीब 4.50 लाख करोड़ रुपए छोटे किसानों के खातों में पहुंच चुके हैं. उनके मुताबिक देश में 85 फीसदी से ज्यादा किसान छोटे किसान हैं. पहले उनकी जरूरतों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया.
पीएम मोदी ने कहा कि पांच प्रमुख योजनाओं और सरकारी पहलों से किसानों को करीब 50 लाख करोड़ रुपए का फायदा पहुंचा है. उन्होंने इसके पीछे खाद सब्सिडी और MSP पर खरीद से लेकर फसल बीमा तथा सोलर पंप जैसी योजनाओं का जिक्र किया. प्रधानमंभी मोदी ने बताया कि खाद की कीमतों का बोझ किसानों पर न पड़े इसलिए सरकार ने करीब 16 लाख करोड़ रुपए खर्च किए. गेहूं और धान की MSP पर खरीद से किसानों के खातों में करीब 24 लाख करोड़ रुपए पहुंचे. फसल बीमा योजना के तहत पिछले 10-12 वर्षों में किसानों को लगभग 2 लाख करोड़ रुपए का मुआवजा मिला है. पीएम कुसुम योजना के तहत करीब 12 लाख सोलर पंप दिए गए. इससे किसानों को डीजल पर होने वाले खर्च में बचत हुई. पीएम किसान के तहत भी 4.50 लाख करोड़ रुपए छोटे किसानों तक पहुंचे. पीएम का दावा था कि इन पहलों ने खेती की लागत घटाने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भूमिका निभाई है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले किसानों के लिए यह पता लगाना मुश्किल होता था कि उनके खेत की मिट्टी को किस खाद की जरूरत है. अब देश में 26 करोड़ से ज्यादा सॉइल हेल्थ कार्ड जारी किए जा चुके हैं. इससे किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता समझने और खेती के तरीके बेहतर बनाने में मदद मिली है. उन्होंने कहा कि किसानों को बीजों की करीब 3,000 नई किस्में भी उपलब्ध कराई गई हैं. बदलते मौसम की चुनौती से निपटने के लिए नई किस्मों और आधुनिक तकनीक की भूमिका अहम है.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login