माता वैष्णो देवी के लाखों भक्तों के लिए खुशखबरी, मनचाही मुराद होगी पूरी
Last Updated:
Mata Vaishno Devi Yatra: माता वैष्णो देवी की यात्रा पर हर साल हजारों-लाखों की तादाद में लोग जाते हैं. आधार शिविर कटड़ा तक रेलवे की पहुंच के बाद से भक्तों का यहां आना और भी आसान हो गया है. अब हजारों-लाखों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है.
माता वैष्णो देवी की यात्रा पर जाने वाले हजारों-लाखों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. (फाइल फोटो)
Mata Vaishno Devi Yatra: माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है. अब रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को गर्म नाश्ता, चाय और ताजा पैक दूध जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी. श्रद्धालुओं की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने कटरा रेलवे स्टेशन पर खानपान सेवाओं का विस्तार करने की पहल की है. इसके तहत विभिन्न प्लेटफार्मों पर नए कैटरिंग आउटलेट्स और मिल्क बूथ की व्यवस्था की जा रही है.
रेलवे की योजना के मुताबिक, स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 और 4-5 पर नई कैटरिंग दुकानें आवंटित की गई हैं. इन दुकानों के अगले महीने से शुरू होने की संभावना है. इनके संचालन में आने के बाद यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही गर्म भोजन, नाश्ता, चाय और अन्य खाद्य सामग्री मिल सकेगी. रेलवे का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छता के साथ उचित कीमतों पर खानपान की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.
प्लेटफार्म पर मिलेगा ताजा पैक दूध
यात्रियों की पोषण संबंधी जरूरतों को देखते हुए प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर आधुनिक मिल्क बूथ भी आवंटित किया गया है. यहां ताजा पैक दूध उपलब्ध कराया जाएगा. इससे खासतौर पर छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों, बुजुर्गों और बीमार यात्रियों को सुविधा मिलेगी. स्टेशन पर कुछ नए आउटलेट्स पहले ही शुरू किए जा चुके हैं, जहां पानी और चाय जैसी जरूरी चीजें उपलब्ध कराई जा रही हैं. जम्मू रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के मार्गदर्शन में स्टेशन पर खानपान सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम किया जा रहा है. रेलवे की ओर से चना-पूरी, राजमा-चावल सहित अन्य खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की भी योजना है. इससे यात्रियों को अपनी पसंद के अनुसार भोजन चुनने का विकल्प मिलेगा.
24 घंटे खुलेगा रिफ्रेशमेंट रूम
कटरा रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से बंद पड़े रिफ्रेशमेंट रूम को भी दोबारा शुरू करने की तैयारी है. रेलवे के अनुसार, भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने इसके आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली है. इसे 24 घंटे संचालित करने की व्यवस्था की जाएगी. रेलवे की इन पहलों से कटड़ा पहुंचने और यहां से यात्रा शुरू करने वाले श्रद्धालुओं को स्टेशन पर ही बेहतर खानपान सुविधाएं मिल सकेंगी. खासकर सुबह और देर रात पहुंचने वाले यात्रियों के लिए ये व्यवस्थाएं उपयोगी साबित होंगी.