नई दिल्ली: न्यूजीलैंड दौरे पर वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. प्रसिद्ध कृष्णा अब पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. इससे पहले यह कहा जा रहा था कि प्रसिद्ध सीरीज के अंतिम दो मैचों में खेल सकते हैं, लेकिन अब इस पर विराम लग गया है. इसके अलावा, नितीश कुमार रेड्डी, जिन्हें पांचों वनडे मैचों के लिए टीम में चुना गया था, अब वह सिर्फ एक मैच ही खेल पाएंगे. क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रसिद्ध कृष्णा के रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया गया है. प्रसिद्ध को हैमस्ट्रिंग में चोट लगी है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए जब टीम का ऐलान किया गया था, तब उन्हें स्क्वॉड में शामिल किया गया था, लेकिन वह समय पर चोट से नहीं उबर पाए, जिसके कारण उन्हें टीम से बाहर किया गया है. हालांकि, अच्छी बात यह है कि वह न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट के लिए भारत ए टीम से जुड़ेंगे, लेकिन टेस्ट सीरीज को ध्यान में रखते हुए प्रसिद्ध कृष्णा को रिटर्न टू प्ले असेसमेंट पास करना होगा.
नितीश रेड्डी भी अब सिर्फ एक मैच में खेलेंगे
प्रसिद्ध कृष्णा के अलावा नितीश रेड्डी को लेकर भी एक बड़ा अपडेट आया है. नितीश कुमार अब टीम इंडिया के लिए वनडे सीरीज के सभी मैच नहीं खेलेंगे. पहले उन्हें पूरी सीरीज के लिए टीम में रखा गया था, लेकिन अब वह 4 नवंबर को पहले मैच के बाद इंडिया ए टीम के साथ जुड़ जाएंगे. इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट मैच की शुरुआत 6 नवंबर से हो रही है. ऐसे में यह साफ हो गया है कि टीम इंडिया ने नितीश रेड्डी को 19 नवंबर से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज के लिए तैयार करना शुरू कर दिया है.
भारतीय टीम का अपडेटेड स्क्वॉड:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर ब्रार, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी.
चौथे और पांचवें वनडे के लिए भारत की अपडेटेड वनडे टीम:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (उपकप्तान), अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र, मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर, कुलदीप यादव.