Kadak Masala Chai Recipe : क्या आपको भी सुबह की शुरुआत एक कड़क और खुशबूदार चाय के बिना अधूरी सी लगती है? अगर हाँ, तो आप ऐसे अकेले नहीं हैं. विंटर के मौसम में सुबह अगर एक कप परफेक्ट गर्मागर्म चाय मिल जाए तो दिनभर ताजगी रहती है और सर्दी जुकाम से भी राहत रहती है. लेकिन कई बार लोग शिकायत करते हैं कि घर पर बनी मसाला चाय में वो मजा नहीं होता जो ढाबे की चाय में मिलती है. ऐसे में आज हम आपकी परेशानी हमेशा के लिए दूर कर देते हैं. हम आपके लिए लेकर आए हैं एक बेहद आसान सी होममेड ‘चाय मसाला’ रेसिपी. इसे एक बार बनाकर रख लीजिए और फिर जब भी मन करे, चुटकियों में बिल्कुल परफेक्ट कड़क मसाला चाय का आनंद लीजिए. आइए जानते हैं इसे बनाने का पूरा तरीका.
बेहद आसान सी होममेड ‘चाय मसाला’ रेसिपी.(canva)
ऐसे तैयार करें चाय का मसाला-
आवश्यक सामग्री (24 कप चाय के लिए):
हरी इलायची (Hari Illachi): 24 पीस
काली मिर्च (Kali Mirch): 18 पीस
सौंफ (Anise Seeds): 1 छोटी चम्मच
सोंठ या अदरक पाउडर (Ginger Powder): आधा छोटी चम्मच
दालचीनी पाउडर (Cinnamon Powder): एक चौथाई छोटी चम्मच
बनाने का तरीका:
इन सभी मसालों को एक मिक्सी या मसाले पीसने वाली छोटी ग्राइंडर मशीन में डालें और एकदम बारीक पाउडर बना लें. अब इस खुशबूदार मसाले को किसी एयर-टाइट डिब्बे (Air-tight container) में बंद करके रख लें. यह मसाला महीनों तक खराब नहीं होता!
2 कप कड़क चाय बनाने का ये है सही तरीका-
सामग्री (2 कप के लिए):
पानी: डेढ़ कप (1.5 कप)
दूध: आधा कप
चायपत्ती: 2 छोटी चम्मच (आप अपनी पसंद की कोई भी पत्ती जैसे ब्रुक बॉन्ड रेड लेबल या लिप्टन यलो ले सकती हैं)
चीनी: 2 छोटी चम्मच (या अपने स्वाद के अनुसार कम-ज्यादा कर सकती हैं)
चाय मसाला: आधा छोटी चम्मच (या प्रति कप 1/8 चम्मच)
बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप विधि:
सबसे पहले एक पैन में डेढ़ कप पानी और आधा कप दूध एक साथ उबलने के लिए रख दें. इसी में एक चौथाई चम्मच तैयार किया हुआ चाय मसाला भी मिला दें, ताकि पानी में मसालों का अच्छा फ्लेवर उतर आए.
जब दूध और पानी में अच्छा उबाल आ जाए, तो गैस की आंच को धीमा (Low flame) कर दें. अब इसमें अपनी पसंद की चायपत्ती और चीनी डाल दें.
बर्तन को किसी ढक्कन से हल्का ढक दें और इसे 2 से 3 मिनट के लिए धीमी आंच पर खदकने (सिमर होने) दें. ऐसा करने से चायपत्ती अपना पूरा रंग और कड़कपन छोड़ देगी. बस! अब चाय को छाननी से छान लें और गर्मागर्म कप में परोसें.
कुछ खास टिप्स, जो चाय को बनाएंगे और भी शानदार:
-अगर आप सिर्फ 1 कप चाय बना रही हैं, तो उसमें सिर्फ 1/8 चम्मच ही मसाला डालें, वरना मसाले का स्वाद बहुत तेज हो सकता है.
-चीनी आप अपने स्वाद के हिसाब से घटा या बढ़ा सकती हैं. अगर गुड़ वाली चाय पसंद है, तो चीनी की जगह गुड़ का भी इस्तेमाल कर सकती हैं.
-अगर आप थोड़ा अलग ट्राई करना चाहती हैं, तो इस मसाले का इस्तेमाल करके ‘चाय लाटे’ भी बना सकती हैं, जो पीने में बेहद क्रीमी और टेस्टी लगती है.
तो देर किस बात की? आज ही अपनी रसोई में यह स्पेशल चाय मसाला बनाएं और परिवार के साथ हर चुस्की का लुत्फ उठाएं!