Viral news | Unique news | Karwa Chauth

Viral news | Unique news | Karwa Chauth


Last Updated:

Kanpur Ajab Gajab News: यूपी के कानपुर में एक अजब मामला सामने आया. पति एक, पत्नियां तीन. करवाचौथ पर पहले पूजा कौन करेगा, इस पर विवाद खड़ा हो गया. तीनों महिलाएं मंधना पुलिस चौकी पहुंचकर पति पर अधिकार जताने लगीं. फिर क्या कुछ हुआ आइए जानते हैं. 

Zoom

करवा चौथ एक पति के लिए 3 पत्नियों में लड़ाई हुई. (एआई तस्वीर)

कानपुर : कल सुहागिनें पूरा दिन करवाचौथ की तैयारियों में लगी हुई थीं. हर किसी को अपने सजना की लंबी उम्र के लिए व्रत रखना था. आमतौर पर घरों में पूजा की तैयारियां हो रही थीं. मगर, कानपुर में कुछ अलग ही ड्रामा चल रहा था. यहां एक पति की तीन-तीन पत्नियां. करवाचौथ पर तीनों के बीच इस बात को लेकर लड़ाई हो गई कि आखिर पति के साथ पहले पूजा कौन करेगा? देखते ही देखते घर का झगड़ा पुलिस चौकी पहुंच गया. वहां घंटों पंचायत चली और फिर ऐसा फैसला हुआ कि हर कोई हैरान रह गया.

यह है मामला

मामला बिठूर इलाके के एक गांव का बताया जा रहा है. युवक की पहली शादी हुई थी, लेकिन कई साल तक कोई संतान नहीं हुई. इसके बाद पहली पत्नी ने ही अपनी सहेली से पति की दूसरी शादी कराने का फैसला लिया. हंसी-खुशी शादी करा दी गई. दूसरी पत्नी से युवक को एक बेटी भी हो गई. मगर, कहानी में ट्विस्ट तब आया जब युवक ने तीसरी शादी भी कर ली. अब करवाचौथ आया तो तीसरी पत्नी भी पति के घर पहुंच गई. अब तीनों महिलाएं पति के साथ पहले पूजा करने का अधिकार जताने लगीं. बस फिर क्या था, करवाचौथ की पूजा से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल गया.

सड़क पर भी हुआ हंगामा

मामला इतना बढ़ा कि पहली और दूसरी पत्नी मंधना पुलिस चौकी पहुंच गईं. तीसरी पत्नी भी चौकी के बाहर मौजूद रही. वहां पुलिस के सामने काफी देर तक समझाने-बुझाने की कोशिश की गई. किसी तरह आपसी सहमति बनी और दोनों महिलाएं चौकी से बाहर निकलीं. मगर, कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. चौकी से बाहर आते ही तीनों के बीच फिर बहस शुरू हो गई. सड़क पर ही एक बार फिर तू-तू, मैं-मैं होने लगी. काफी देर के विवाद के बाद तीनों महिलाओं ने एक साथ करवाचौथ का व्रत रखने और पूजा करने पर सहमति बना ली. हालांकि, बिठूर इंस्पेक्टर ने इस मामले की जानकारी होने से इनकार किया है.

एक और अजब गजब मामला

इसी बीच कानपुर से करवाचौथ का एक और दिलचस्प मामला सामने आया. बिठूर इलाके में एक युवती अपने प्रेमी के घर जाकर ही व्रत तोड़ने की जिद पर अड़ गई. युवती और युवक के बीच कई साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. दोनों के घर आमने-सामने हैं. बताया जा रहा है कि जब दोनों नाबालिग थे, तब परिवार के विरोध के चलते किराये के कमरे में साथ रहने लगे थे. बालिग होने के बाद युवक ने घरवालों से प्रेम विवाह की बात कही, लेकिन परिजनों ने मना कर दिया.

गुरुवार को युवती ने करवाचौथ का व्रत रखा और प्रेमी के साथ मंधना पुलिस चौकी पहुंच गई. उसकी जिद थी कि वह प्रेमी के घर जाकर ही अपना व्रत तोड़ेगी. युवक ने भी युवती को घर ले जाने के लिए पुलिस से सुरक्षा मांगी. इसके बाद चौकी में दोनों पक्षों के बीच घंटों बातचीत चली. आखिरकार युवक के परिजन शादी के लिए तैयार हो गए. इसके बाद युवती प्रेमी के घर पहुंची और वहीं अपना व्रत तोड़ा. कानपुर में करवाचौथ के दिन एक तरफ तीन पत्नियों के बीच पूजा को लेकर विवाद हुआ तो दूसरी तरफ प्रेमी के घर व्रत तोड़ने की जिद ने पुलिस चौकी में पंचायत करा दी.



Source link