Last Updated:
Narsinghpur Road Accident: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में धान कटाई कर लौट रहे मजदूरों से भरी पिकअप को ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में 10 से 15 मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है. घायल लड़की ने हादसे की पूरी कहानी बताई.
नरसिंहपुर में भीषण सड़क हादसा हो गया.
रिपोर्ट- राहुल मेहरा, नरसिंहपुर. मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. धान कटाई करके घर लौट रहे मजदूरों से भरी पिकअप को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे में करीब 10 से 15 मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना पानगर के पास की है. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घायल मजदूर सड़क पर पड़े दर्द से कराहते रहे. सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
जानकारी के मुताबिक, नरसिंहपुर जिले के ग्राम नयाखेड़ा के रहने वाले मजदूर धान कटाई के लिए पठा गांव गए हुए थे. दिनभर खेतों में काम करने के बाद सभी मजदूर पिकअप में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान पानगर के पास सामने से आए ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही पिकअप सड़क पर पलट गई और उसमें सवार मजदूर घायल हो गए.
अस्पताल में दिखा दर्दनाक मंजर
हादसे के बाद घायलों को सालीचौका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए गाडरवारा सिविल अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी है. अस्पताल में कई मजदूरों के सिर, चेहरे और शरीर के दूसरे हिस्सों में चोटें नजर आईं. किसी के सिर पर पट्टी बंधी थी, तो किसी के चेहरे पर सूजन थी. घायल मजदूर हादसे के बारे में बताते नजर आए.
घायल लड़की ने बताई हादसे की पूरी कहानी
हादसे में घायल स्वाति नाम की लड़की ने बताया, “पिकअप से जा रहे थे. घर लौट रहे थे. एक ट्रक सामने आया और उसने टक्कर मार दी. पिकअप पलट गया. मुंह के बल गिरे थे. 10-15 लोग घायल हुए थे.” स्वाति के मुताबिक, हादसा अचानक हुआ और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला. वहीं, अन्य घायलों ने भी अपनी चोटें दिखाते हुए हादसे की जानकारी दी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पड़ताल की जा रही है.