Last Updated:
Dehradun ki local news : देहरादून में चल रहे ‘विरासत फेस्ट’ में केरला मिष्टी छाई हुई है. इस दिवाली आप पारंपरिक मिठाइयों और लड्डुओं की जगह इसे आजमा सकते हैं. दक्षिण भारतीय रेसिपी से अंजीर और काजू के संगम से बनी ये मिठाई न सिर्फ स्वाद में लाजवाब है बल्कि इस दिवाली को नयापन देने के लिए तैयार है. लोकल 18 से दुकानदार गोवर्धन बताते हैं कि केरला मिष्टी को केरल का हलवा भी कहा जाता है. उनके पास यह मिठाई अंजीर, पाइनएप्पल, गाजर, ग्रीन पिस्ता और अनार जैसे 4 से 5 फ्लेवर में मिल जाएगी. इस मिठाई की शेल्फ लाइफ करीब 4 महीने होती है.
देहरादून. इस बार दिवाली पर आप पारंपरिक मिठाइयों और लड्डुओं के स्वाद से हटकर कुछ नया आजमा सकते हैं. देहरादून में चल रहे मशहूर ‘विरासत फेस्ट’ में केरला मिष्टी के अद्भुत जायके ने दस्तक दी है. पारंपरिक दक्षिण भारतीय स्वादों और पौष्टिक अंजीर और काजू के संगम से बनी ये मिठाई न सिर्फ स्वाद में लाजवाब है बल्कि इस दिवाली के त्योहार को एक अलग ही मिठास और नयापन देने के लिए तैयार है. राजधानी देहरादून में चल रहे ‘विरासत फेस्ट’ में इस बार दिवाली के मौके पर कुछ खास और नया देखने को मिल रहा है. केरला मिष्टी इस दिवाली अपनों को उपहार देने के लिए भी एक बेहतरीन ऑप्शन है.
केरला मिष्टी के कई फ्लेवर
लोकल 18 से दुकानदार गोवर्धन बताते हैं कि वे हैदराबाद के रहने वाले हैं और फेस्ट में दक्षिण भारत की मिठाइयां और इंस्टेंट मसाले लेकर आए हैं. केरला मिष्टी के बारे में वे कहते हैं कि इसे केरल का हलवा भी कहा जाता है. उनके पास यह मिठाई अंजीर, पाइनएप्पल, गाजर, ग्रीन पिस्ता और अनार जैसे 4 से 5 फ्लेवर में मिल जाएगी. देशभर के ट्रेड फेयर में अपनी अलग पहचान बना चुके गोवर्धन पहली बार विरासत फेस्ट में आए हैं. लोगों को उनका स्वाद बेहद पसंद आ रहा है.
शुगर फ्री, सेहत के लिए फायदेमंद
स्वास्थ्य के लिहाज से भी यह मिठाई बेहद फायदेमंद मानी जा रही है. गोवर्धन के अनुसार यह मिठाई पूरी तरह से शुगर फ्री है, जिससे डायबिटीज के मरीज भी बिना किसी चिंता के इसका आनंद ले सकते हैं. इसे तैयार करने में आटा, शहद, अरारोट, गुड़ और नारियल तेल का उपयोग किया जाता है. काजू, बादाम और अंजीर जैसे पौष्टिक ड्राई फ्रूट्स भी मिलाए गए हैं. केरला मिष्टी की एक और खासियत इसका लंबा टिकाऊपन है. इस मिठाई की शेल्फ लाइफ करीब 4 महीने होती है. इसे फ्रिज में रखकर 4 महीनों तक खाया जा सकता है. जल्दी खराब होने का डर नहीं रहता है. इस वजह से त्योहार के दौरान इसे पहले से खरीदकर रखना या दूर-दराज के परिजनों को भेजना काफी आसान हो जाता है. अगर आप भी इस अनोखी मिठाई का स्वाद लेना चाहते हैं, तो विरासत फेस्ट आधा किलो का डब्बा 400 रुपये में मिल रहा है. इसमें मिठाई के सभी 5 फ्लेवर शामिल हैं. आप 6 नवंबर से पहले हिमालयन कल्चरल ग्राउंड में लगे विरासत मेले में जाकर खरीदारी कर सकते हैं.