Last Updated:
Bhopal News: भोपाल में होली पर रंग गिरने के विवाद में युवक को ऑटो से 300 मीटर तक घसीटकर मारने वाले आरोपी को कोर्ट ने 10 साल की सजा सुनाई. एयरपोर्ट के पास कार हादसे में ओला ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया. फिलहाल, मामले की पुलिस जांच कर रही है.
bhopal (pic credit- freepik)
Bhopal Crime News: मध्य प्रदेश के भोपाल में होली के दिन रंग गिरने को लेकर हुए विवाद में युवक को ऑटो से टक्कर मारकर करीब 300 मीटर तक घसीटने के मामले में कोर्ट ने आरोपी को 10 साल की सजा सुनाई है. पहली घटना 14 मार्च 2025 को दोपहर करीब 3:45 बजे रुचि रेस्टोरेंट के पास हुई थी. शैलेंद्र अपने दोस्तों के साथ होली खेल रहा था. इस दौरान डांस कर रहे दोस्तों का रंग एक लोडिंग ऑटो पर गिर गया. इससे नाराज आरोपी राहुल लोधी ने शैलेंद्र और उसके दोस्तों से विवाद और मारपीट की. इसके बाद राहुल ने ऑटो को तेजी से पीछा कर शैलेंद्र को टक्कर मार दी. शैलेंद्र ऑटो के नीचे फंस गया और करीब 300 से 350 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया. उसे गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर गंभीर घाव और छिलने के निशान मिले थे. शरीर के अंदर के अंगों में चोट और ज्यादा खून बहने को मौत का कारण बताया गया. इस मामले में सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें ऑटो की तेज रफ्तार और घटनास्थल की स्थिति दिखाई दी. कोर्ट ने इसे जरूरी सबूत माना. भोपाल के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव ने आरोपी राहुल लोधी को 10 साल की सजा सुनाई. शासन की ओर से लोक अभियोजक पीएन सिंह राजपूत ने पैरवी की.
तेज रफ्तार कार ने ओला ड्राइवर को मारी टक्कर
वहीं, एयरपोर्ट के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक ओला ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए. दरअसल, बीते सोमवार की शाम राजा भोज एयरपोर्ट के पास हुई. पुलिस के अनुसार 60 वर्षीय बरकतउल्ला खान अपनी बेटी के साथ एयरपोर्ट जा रहे थे. इसी दौरान ओवरटेक करते समय कार अनकंट्रोल्ड हो गई और ओला ड्राइवर विजय कुमार को टक्कर मार दी.
इस हादसे में विजय के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए और सिर में भी गंभीर चोट आई. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे के बाद मौके पर लोगों ने कार को घेर लिया और काफी देर तक हंगामा हुआ. पुलिस ने बरकतउल्ला खान और उनकी बेटी को थाने ले जाकर पूछताछ की. कार जब्त कर एक्सीडेंट का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब हादसे की जांच, कार की रफ्तार और ड्राइवर की भूमिका की जांच कर रही है.