जयपुर की 13 वर्षीय गोल्फर ओजस्विनी सारस्वत ने रचा इतिहास, लेडीज यूरोपियन टूर में कट हासिल कर बनाया नया विश्व कीर्तिमान

जयपुर की 13 वर्षीय गोल्फर ओजस्विनी सारस्वत ने रचा इतिहास, लेडीज यूरोपियन टूर में कट हासिल कर बनाया नया विश्व कीर्तिमान


Last Updated:

Ojaswini Saraswat Jaipur Golfer Record: जयपुर की 13 वर्षीय गोल्फर ओजस्विनी सारस्वत ने लेडीज यूरोपियन टूर के डेब्यू टूर्नामेंट में कट हासिल कर नया कीर्तिमान बनाया है. वह यह उपलब्धि पाने वाली राजस्थान की पहली और दुनिया की दूसरी सबसे कम उम्र की गोल्फर बनी हैं. गुरुग्राम के डीएलएफ गोल्फ क्लब में दूसरे राउंड में तीन अंडर 69 का स्कोर कर उन्होंने वीकेंड राउंड में प्रवेश किया. रामबाग गोल्फ क्लब से अभ्यास करने वाली ओजस्विनी अब तक 15 राष्ट्रीय खिताब जीत चुकी हैं.

Top Deals Inside

जयपुर की बेटियां खेल जगत में अपनी प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन कर रही हैं. इसी कड़ी में 13 वर्षीय गोल्फ खिलाड़ी ओजस्विनी सारस्वत ने लेडीज यूरोपियन टूर के अपने डेब्यू टूर्नामेंट में कट हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है. इस उपलब्धि के साथ वह लेडीज यूरोपियन टूर में कट हासिल करने वाली राजस्थान की पहली और दुनिया की दूसरी सबसे युवा गोल्फर बन गई हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड थाईलैंड की गोल्फर आरिया जुतानुगर्न के नाम था. ओजस्विनी की इस उपलब्धि ने भारतीय गोल्फ में नई पहचान बनाने के साथ जयपुर की खेल प्रतिभाओं को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर चर्चा में ला दिया है.

दिल्ली के डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेले जा रहे टूर्नामेंट में ओजस्विनी सारस्वत ने पहले राउंड में 79 (+7) का स्कोर बनाया. हालांकि, दूसरे राउंड में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए तीन अंडर 69 का कार्ड खेला और वीकेंड राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली. इसी प्रदर्शन के साथ उन्होंने लेडीज यूरोपियन टूर में कट हासिल करने का रिकॉर्ड बनाया. महज 13 साल, 6 महीने और 14 दिन की उम्र में ओजस्विनी ने दूसरे राउंड के दौरान 7 बर्डी लगाईं. इसके बाद वह कुल चार ओवर के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 26वें स्थान पर रहीं. उनके इस प्रदर्शन ने टूर्नामेंट में उनकी प्रतिभा और खेल के प्रति शानदार कौशल को प्रदर्शित किया.

जयपुर की 13 वर्षीय गोल्फ खिलाड़ी ओजस्विनी सारस्वत ने महज 4 साल की उम्र में पहली बार गोल्फ में हाथ आजमाया था. इसके बाद से उन्होंने लगातार अपने खेल को निखारा और अब तक 15 राष्ट्रीय खिताब अपने नाम कर चुकी हैं. ओजस्विनी ने आईजीयू ईस्टर्न इंडिया लेडीज एंड जूनियर गर्ल्स कप सहित कई महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में जीत हासिल की है. शुरुआती दिनों में हुई गलतियों से सीख लेते हुए उन्होंने अभ्यास पर ध्यान दिया और अपने प्रदर्शन में लगातार सुधार किया. यही मेहनत और लगन आज उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला रही है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

जहां बच्चे छोटी उम्र में स्कूल और दूसरी गतिविधियों के साथ अपने बचपन का आनंद लेते हैं, वहीं जयपुर की ओजस्विनी सारस्वत पढ़ाई के साथ गोल्फ में भी लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं. महज 13 साल की उम्र में उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर कई खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है. ओजस्विनी ने कम उम्र में ही गोल्फ की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है. उनकी उपलब्धियां न केवल जयपुर, बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गर्व की बात हैं. कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के दम पर वह छोटी उम्र में ही बड़ी उपलब्धियां हासिल कर रही हैं.

ओजस्विनी सारस्वत ने गोल्फ खेलना जयपुर के रामबाग गोल्फ क्लब से शुरू किया था. बचपन से ही वह यहां नियमित रूप से अभ्यास करती आ रही हैं और वर्तमान में क्लब की समर्पित सदस्य हैं. रामबाग गोल्फ क्लब ने कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से राजस्थान का नाम रोशन किया है. इसी कड़ी में ओजस्विनी ने भी कम उम्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है. अपनी मेहनत, निरंतर अभ्यास और शानदार प्रदर्शन के दम पर वह रामबाग गोल्फ क्लब की उभरती हुई प्रतिभाओं में शामिल हैं और जयपुर की खेल उपलब्धियों को नई पहचान दे रही हैं.

जयपुर की युवा गोल्फ खिलाड़ी ओजस्विनी सारस्वत अब तक कई प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में चैंपियन बन चुकी हैं. उन्होंने वर्ष 2022 में नॉर्दर्न इंडिया लेडीज चैंपियनशिप में जीत हासिल की. इसके बाद 2023 में ऑल इंडिया जूनियर गर्ल्स चैंपियनशिप और 2024 में इंडिया एमेच्योर चैंपियनशिप में भी विजेता रहीं. वर्ष 2025 और 2026 में भी उन्होंने विभिन्न टूर्नामेंट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया. इन उपलब्धियों के दम पर ओजस्विनी ने भारतीय जूनियर गोल्फ में अपनी स्थिति मजबूत की है. कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर लगातार मिल रही सफलताएं उनके खेल कौशल, अनुशासन और मेहनत को दर्शाती हैं.

जयपुर की युवा गोल्फ खिलाड़ी ओजस्विनी सारस्वत ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के साथ अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है. वह प्रतिष्ठित यूएस किड्स गोल्फ यूरोपीय चैंपियनशिप में उपविजेता रह चुकी हैं. इसके अलावा, उन्हें स्कॉटलैंड के ऐतिहासिक रॉयल मसल्बर्ग गोल्फ क्लब में भी खेलने का मौका मिल चुका है. हाल ही में कोलकाता में उन्होंने अपना आठवां खिताब जीतकर एक और उपलब्धि हासिल की. ओजस्विनी ने एक ही साल में कई गोल्फ टूर्नामेंट में जीत दर्ज कर अपनी निरंतरता और खेल कौशल का परिचय दिया है. उनके शानदार प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय गोल्फ में भी जयपुर की पहचान मजबूत हो रही है.

15 राष्ट्रीय खिताब जीतने के बाद भी ओजस्विनी सारस्वत का गोल्फ में सफर लगातार जारी है. वह नियमित रूप से विभिन्न टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं और आने वाले वर्षों में कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने की तैयारी कर रही हैं. हर सफलता के बाद ओजस्विनी अपनी उपलब्धियों का श्रेय अपने कोच लैरिस ब्रदरिज और माता-पिता को देती हैं, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से वह अपने खेल को बेहतर बना रही हैं. गोल्फ के क्षेत्र में वह भारतीय खिलाड़ियों अदिति अशोक और प्रणवी उर्स को अपना आदर्श मानती हैं. कम उम्र में हासिल की गई उपलब्धियों के साथ ओजस्विनी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link