Last Updated:
Mandsaur Murder News: मंदसौर के शामगढ़ में चॉकलेट के लिए पड़ी डांट से नाराज 12 साल की लड़की ने 4 साल के मासूम की हत्या कर दी. हत्या का तरीका इतना खतरनाक था कि आस-पड़ोस वालों के होश उड़ गए. पुलिस ने आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर विदिशा बाल सुधार गृह भेज दिया है.
आरोपी लड़की ने इसी टंकी में बच्चे को ढकेला था.
रिपोर्ट: प्रीत शर्मा
Mandsaur News: मंदसौर के शामगढ़ स्थित पंजाबी कॉलोनी में एक बेहद भयावाह मामला सामने आया है. यहां महज चॉकलेट को लेकर डांटने की बात पर नाराज होकर 12 साल की एक लड़की ने 4 साल के बच्चे की हत्या कर दी. आरोपी बच्ची ने मासूम को पहले पानी के टैंक में धक्का दिया और फिर ऊपर से भारी पत्थर रखकर बंद कर दिया. इस दर्दनाक वारदात ने पूरे शामगढ़ इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
तीन बहनों के बीच एक भाई था
मृतक बच्चे की पहचान 4 वर्षीय कृष्णपाल उर्फ बाबू के रूप में हुई है. कृष्णपाल अपने परिवार में तीन बहनों का इकलौता भाई था. जिस घर में कल तक मासूम की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब गहरा मातम पसरा हुआ है. परिवार ने अपना लाडला बेटा खो दिया है.
चॉकलेट की डांट का खौफनाक बदला
मामले का खुलासा हुआ तो पुलिस भी हैरान रह गई. पुलिस जांच में घटना का बेहद चौंकाने वाला कारण सामने आया. पुलिस के अनुसार, घटना से करीब 12 दिन पहले चॉकलेट की बात को लेकर मृत बच्चे बाबू की मां ने पड़ोस में रहने वाली 12 वर्षीय नाबालिग लड़की को डांट दिया था. इसी डांट से नाबालिग लड़की कथित तौर पर नाराज थी. कम उम्र में भी उसने इस हद तक बदला लेने की ठान ली.
24 अक्टूबर की खौफनाक दोपहर वारदात
24 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे नाबालिग लड़की ने अपनी साजिश को अंजाम दिया. वह चॉकलेट देने के बहाने मासूम बाबू को अपने घर ले गई. इस दौरान मृतक बच्चे और नाबालिग लड़की, दोनों के घर पर कोई भी मौजूद नहीं था.
पानी के टैंक में धक्का और ऊपर रखा पत्थर
घर ले जाने के बाद नाबालिग बच्ची ने पहले बाबू को पानी का टैंक दिखाने के बहाने पास बुलाया. इसके बाद उसने मासूम को टैंक में धक्का दे दिया. जब बच्चा पानी में गिर गया, तो आरोपी लड़की ने ऊपर से फर्सी (पत्थर की चट्टान) रख दी, ताकि बच्चा बाहर न निकल सके.
पानी की होद से बरामद हुआ शव
जब मासूम काफी समय तक नहीं मिला तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. स्थानीय लोगों से जानकारी मिली कि बच्चे को आखिरी बार 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ देखा गया था. पुलिस ने संदेह के आधार पर जांच करते हुए आसपास के घरों की सघन तलाशी ली. तलाशी के दौरान नाबालिग लड़की के घर में बनी पानी की होद से मासूम का शव बरामद हुआ.
आरोपी बाल सुधार गृह विदिशा भेजी गई
पुलिस पूछताछ में नाबालिग लड़की ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया. न्यायालय के आदेश पर उसे बाल सुधार गृह विदिशा भेज दिया गया है. उधर, मासूम के चले जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.