Last Updated:
Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर में News18 की पड़ताल में मिट्टी में दफन PPE किट और मलबे में दबे मास्क-दवाइयां मिलने से स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठे हैं. पुराने स्टोर में सिरिंज और जरूरी कागजात भी बिखरे मिले. मामला सामने आने के बाद विधायक ने संज्ञान लिया. सिविल सर्जन ने जांच कमेटी बनाकर दोषियों पर एक्शन की बात कही.
स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही सामने आई.
समस्तीपुरः बिहार के समस्तीपुर में हेल्थ डिपार्टमेंट की लापरवाही सामने आई. पड़ताल में निर्माणाधीन वेयरहाउस के पास मिट्टी में दबी PPE किट मिलीं. पुराने स्टोर में मलबे के बीच मास्क, दवाइयां, डिस्पोजल सिरिंज और जरूरी कागजात बिखरे पड़े मिले. मामले की जानकारी मिलने पर विभूतिपुर के विधायक अजय कुमार ने संज्ञान लिया. सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने जांच कमेटी गठित कर सामग्री की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया.
मिट्टी में दबी मिलीं कोविड काल की PPE किट
पड़ताल के दौरान निर्माणाधीन वेयरहाउस के पास कोविड काल में आपूर्ति की गई PPE किट मिट्टी में दबी मिलीं. इन किटों की एक्सपायरी साल 2025 में खत्म हो चुकी थी. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि इनका नियमानुसार निस्तारण क्यों नहीं किया गया. हालांकि, किटों को किन परिस्थितियों में वहां दबाया गया, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.
पुराने स्टोर में बिखरी मिलीं दवाइयां और सिरिंज
स्वास्थ्य विभाग के पुराने स्टोर में भी चिकित्सा सामग्री की स्थिति ठीक नहीं मिली. भवन में तोड़फोड़ के दौरान मलबे के बीच मास्क और दवाओं से भरे बैग दिखाई दिए. कई दवाइयां फर्श पर बिखरी थीं. परिसर में डिस्पोजल सिरिंज और विभाग से जुड़े जरूरी कागजात भी पड़े मिले. इनमें कुछ दवाएं टीकाकरण से संबंधित बताई जा रही हैं.
विधायक अजय कुमार ने उठाए सवाल
मामले की जानकारी मिलने के बाद विभूतिपुर के विधायक अजय कुमार मौके पर पहुंचे. उन्होंने सिविल सर्जन से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की जांच और जरूरी कार्रवाई की मांग की. सवाल उठ रहे हैं कि भवन तोड़ने से पहले स्टोर में रखी सामग्री को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था क्यों नहीं की गई.
सिविल सर्जन ने बनाई जांच कमेटी
सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने मौके का जायजा लिया और जांच कमेटी गठित करने की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि PPE किट, दवाओं और दूसरी चिकित्सा सामग्री की जांच कराई जाएगी. जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.