पटनाः बिहार में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर साफ दिखने लगा है. मौसम विभाग ने आज यानी 29 अक्टूबर, गुरुवार को प्रदेश के 26 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें से 20 जिलों में येलो अलर्ट और 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है. खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
इन 6 जिलों में भारी बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक जिन 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहां भारी बारिश की चेतावनी है. इन जिलों में भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर और बक्सर शामिल हैं। इन इलाकों में झमाझम बारिश हो सकती है.
20 जिलों में येलो अलर्ट
वहीं, जिन 20 जिलों में येलो अलर्ट है, उनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, पटना, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा और गया शामिल हैं. यहां भी बारिश के साथ मौसम बिगड़ने के आसार हैं.
पटना के मौसम का हाल
राजधानी पटना में भी चक्रवाती तूफान का असर देखने को मिलेगा. पटना में बारिश के साथ-साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है. कुछ जगहों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 अक्टूबर को इस तूफान का असर सबसे ज्यादा रहेगा। पूरे राज्य में 31 अक्टूबर तक बारिश की संभावना बनी हुई है.
क्या है चक्रवाती तूफान अर्नब?
यह चक्रवाती तूफान आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था. मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अर्नब 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यानम के तट को पार कर गया था. उस समय हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे थी. हवा के झोंके 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रहे थे. तट पार करने के बाद यह तूफान कमजोर होकर भीषण चक्रवाती तूफान की श्रेणी में आ गया है. इसके अगले 48 घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है.
आम जनजीवन प्रभावित
लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम से आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है. निचले इलाकों में पानी जमा हो सकता है. सड़कों पर जलजमाव होने से यातायात और परिवहन व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है.
किसानों की बढ़ी चिंता
किसानों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं. तेज हवा और बारिश से धान की खड़ी फसलों, केले, पपीते और अन्य पेड़-पौधों को नुकसान पहुंच सकता है. मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सलाह दी है कि वे मौसम के ताजा अपडेट पर लगातार नजर रखें.
तापमान का हाल
अगर बीते कल यानी 28 अक्टूबर के तापमान की बात करें, तो राज्य में गर्मी और उमस का असर था. दरभंगा में सबसे अधिक 35.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था. इसके अलावा पटना में 32.9 डिग्री, भागलपुर में 31.3 डिग्री, पूर्णिया में 31.5 डिग्री और गया में 27.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था. अब बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है.