गजब है यह धंधा, ना एक्सपायरी की चिंता, ना माल खराब होने का डर, कोडरमा के दुकानदार ने बताया तरीका

गजब है यह धंधा, ना एक्सपायरी की चिंता, ना माल खराब होने का डर, कोडरमा के दुकानदार ने बताया तरीका


Last Updated:

कोडरमा में कम पूंजी में कारोबार शुरू करने वालों के लिए बैग की दुकान एक अच्छा विकल्प बन सकती है. स्टेशन रोड स्थित सोनू बैग दुकान के संचालक मंटू केसरी के अनुसार, पहले से दुकान उपलब्ध होने पर 20 हजार रुपये के शुरुआती स्टॉक से कारोबार शुरू किया जा सकता है. नई दुकान खोलने पर कुल निवेश करीब डेढ़ से दो लाख रुपये तक पहुंच सकता है.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

कोडरमा: अगर आप कम पूंजी में अपना कारोबार शुरू करना चाहते हैं तो बैग की दुकान एक बेहतर विकल्प है. इस कारोबार की खास बात यह है कि बैग खराब होने या एक्सपायर होने जैसी परेशानी नहीं होती. इसके साथ ही कम जगह में भी अलग-अलग प्रकार के बैग का अच्छा खासा स्टॉक रखा जा सकता है. कोडरमा के स्टेशन रोड स्थित सोनू बैग दुकान के संचालक मंटू केसरी ने विशेष बातचीत में इस कारोबार को शुरू करने के लिए जरूरी निवेश, दुकान के खर्च और संभावित मुनाफे की जानकारी साझा की.

20 हजार के स्टॉक से कर सकते हैं शुरुआत
मंटू केसरी ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के पास पहले से दुकान या उपयुक्त जगह उपलब्ध है तो वह करीब 20 हजार रुपये के शुरुआती स्टॉक से बैग का कारोबार शुरू कर सकता है. इसमें अपनी पूंजी और ग्राहकों की मांग के अनुसार अलग-अलग तरह के बैग रखे जा सकते हैं. शुरुआत में सीमित सामान रखकर बिक्री का अनुभव लेने के बाद धीरे-धीरे स्टॉक बढ़ाया जा सकता है. उन्होंने बताया कि इस कारोबार में लेडिज पर्स, जेंट्स पर्स, स्कूल बैग, कॉलेज बैग और ट्रॉली बैग समेत कई तरह के उत्पाद उपलब्ध कराए जा सकते हैं. अलग-अलग जरूरतों के कारण इनकी बिक्री के अवसर भी मिलते हैं. दुकानदार अपनी पूंजी के हिसाब से सामान की श्रेणी और मात्रा तय कर सकता है.

डेढ़ से दो लाख रुपये तक पहुंच सकता है कुल निवेश
मंटू केसरी के अनुसार केवल सामान खरीदना ही कारोबार शुरू करने का पूरा खर्च नहीं है. यदि कोई व्यक्ति नई दुकान खोलना चाहता है तो उसे फर्नीचर, रैक, डिस्प्ले, सजावट और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी खर्च करना होगा. दुकान का सेटअप तैयार करने और शुरुआती स्टॉक भरने में करीब डेढ़ से दो लाख रुपये तक का निवेश हो सकता है. हालांकि, यह खर्च दुकान के आकार, स्थान, सजावट और सामान की मात्रा पर निर्भर करेगा. यदि पहले से जगह और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं, तो कम पूंजी से भी कारोबार की शुरुआत की जा सकती है.

5 हजार से 10 हजार तक है दुकान का किराया
उन्होंने बताया कि दुकान का स्थान भी इस कारोबार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. मंटू केसरी ने बताया कि कोडरमा के मुख्य बाजार में दुकान का मासिक किराया करीब 10 हजार रुपये तक है, जबकि गली-मोहल्ले में दुकान लेने पर लगभग पांच हजार रुपये प्रतिमाह किराया देना पड़ता है.

थोक भाव में 80 से शुरू होती है रेंज
मंटू केसरी ने बताया कि उनकी अपनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट है. इस कारण वे ग्राहकों और कारोबारियों को अपेक्षाकृत कम थोक दर पर बैग उपलब्ध करा पाते हैं. उनके यहां बैग की शुरुआती थोक रेंज 80 रुपये से शुरू होती है. हालांकि, कीमत बैग की गुणवत्ता, आकार, डिजाइन और प्रकार के अनुसार अलग-अलग होती है.

20 से 30 प्रतिशत तक मार्जिन की संभावना
मंटू केसरी के मुताबिक बैग के कारोबार में 20 से 30 प्रतिशत तक का मार्जिन मिलता है. बिक्री, खरीद मूल्य और खर्चों के आधार पर कारोबारी की कमाई तय होती है. नियमित ग्राहक बनाने, सही कीमत पर सामान खरीदने और मांग के अनुसार स्टॉक रखने से कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है.



Source link