MP CG TOP NEWS LIVE: मध्य प्रदेश में 23 सितंबर को नो UPI डे, आज बेंगलुरु दौरे पर CM मोहन यादव

MP CG TOP NEWS LIVE: मध्य प्रदेश में 23 सितंबर को नो UPI डे, आज बेंगलुरु दौरे पर CM मोहन यादव


MP CG News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो दोनों राज्यों की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट्स मिलेंगे. इसके अलावा आपको राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और अन्य काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…

रायपुर में BJP पार्षद की कार पर मारा पत्थर, FIR दर्ज
रायपुर में जोन 8 के BJP पार्षद प्रीतम ठाकुर की कार पर हमला हुआ है. दो अज्ञात बाइक सवारों ने पीछा कर कार पर पत्थर से हमला किया. वह परिवार समेत गणेश झांकी दर्शन के लिए निकले थे. बाठिया नर्सिंग होम बैरनबाजार के पास कार रुकवाकर पत्थर मारा. हमले की सूचना मिलते ही उनके समर्थक बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे. पुलिस को भी सूचना दी गई. दोनों आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए. पार्षद ने कोतवाली पहुंचकर FIR दर्ज कराई है.

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मांगी माफी, बोले- बीजेपी पार्षद संध्या यादव मेरी बेटी जैसी
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बीजेपी पार्षद संध्या यादव पर की गई टिप्पणी के लिए खेद प्रकट किया. विजयवर्गीय ने कहा कि संध्या मेरी बेटी जैसी है. मैंने पिता की तरह उन्हें गोद में खिलाया है. कांग्रेस ने मेरे बयान को गलत तरीके से दिखाया और मीडिया ने भी गलत तरह से उठाया, जिससे मेरा मन दुखी है और मैं अपने दिए गए बयान को लेकर खेद प्रकट करता हूं. वहीं इस मामले में पार्षद संध्या यादव ने कहा कि मेरे लिए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पिता तुल्य हैं. मेरा और उनका रिश्ता पिता-पुत्री का है. जो भ्रामक खबरें चल रही हैं, उसपर ध्यान न दें.

उज्जैन में आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च
उज्जैन में आगामी डोल ग्यारस और बाबा काल भैरव की सवारी को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर काल भैरव क्षेत्र और चल समारोह के निर्धारित मार्ग पर पुलिस बल ने फ्लैग मार्च किया. इस दौरान पुलिस जवानों ने पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी की. पुलिस ने आमजन को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल का भरोसा दिलाया. फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई. पुलिस ने लोगों से धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की है. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है.

मध्य प्रदेश में MBBS इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ाए जाने का आदेश जारी
मध्य प्रदेश में MBBS इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ाए जाने का आदेश जारी हो गया है. स्टाइपेंड 14337 रुपये से बढ़ाकर 21500 रुपये किया गया है. इंटर्न के आंदोलन के बाद घोषणा हुई थी. डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने इसका ऐलान किया था. ऐलान के बाद इंटर्न ने आंदोलन खत्म किया था. अब लोक स्वस्थ चिकित्सा शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है.

गरियाबंद में पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट
गरियाबंद में एक पति ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया. आरोपी ने बेल्ट से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या की. आरोपी पत्नी को लगातार कई घंटों तक बेल्ट से पीटता रहा. पति को पत्नी के चरित्र पर शक था. शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम जारहीडीही की यह घटना है. आरोपी पति राम कुमार नेताम पुलिस हिरासत में है.

मध्य प्रदेश में 23 सितंबर को नो UPI डे, व्यापारियों का सांकेतिक विरोध
मध्य प्रदेश में 23 सितंबर को नो UPI डे मनाया जाएगा. व्यापारी वर्ग UPI को लेकर सरकार के फैसले का सांकेतिक विरोध दर्ज कराएगा. 2000 रुपये से ज्यादा के UPI पेमेंट पर MDR का विरोध हो रहा है. व्यापारी UPI स्कैनर पर काला कपड़ा डालकर विरोध जताएंगे. थोक किराना बाजार में 90 फीसदी से ज्यादा लेनदेन 2000 रुपये से ऊपर होता है. MDR के फैसले से व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है. व्यापारियों का कहना है कि पहले कैशलेस बिजनेस की आदत डाली, अब सरकार उसका चार्ज वसूल रही है. 2000 रुपये से ज्यादा के UPI भुगतान पर शुल्क को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है. वहीं 16 अक्टूबर से 4700 पेट्रोल पंपों पर 2000 रुपये से ज्यादा के UPI भुगतान का विरोध का ऐलान किया गया है.

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज बेंगलुरु दौरे पर
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज कर्नाटक के बेंगलुरु के दौरे पर रहेंगे. वह सुबह 9:50 बजे एडीजी इंटेलिजेंस और आयुक्त जनसंपर्क की ब्रीफिंग लेंगे. 10:15 बजे कोर्टयार्ड बाय मैरियट, डीबी मॉल में ऑल इंडिया डिस्कॉम रीजनल कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ करेंगे. मुख्यमंत्री 11:15 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे. 11:30 बजे मंत्रालय में कैबिनेट बैठक होगी. वह दोपहर 1:30 बजे बलराम कृषि महोत्सव, मऊगंज से VC के जरिए जुड़ेंगे. दोपहर 2:55 बजे स्टेट हैंगर भोपाल पहुंचेंगे. सीएम दोपहर 3:20 बजे विशेष विमान से बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे. शाम को बेंगलुरु में इन्वेस्टर्स राउंडटेबल और निवेशकों के साथ संवाद कार्यक्रम है. रात 8:10 बजे बेंगलुरु से भोपाल के लिए रवाना होंगे. रात करीब 10:05 बजे भोपाल वापसी करेंगे.

भोपाल के मास्टर प्लान को लेकर सुप्रीम कोर्ट में आज होगी सुनवाई
भोपाल के मास्टर प्लान को लेकर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई होगी. SC में सरकार की ओर से पिछले वर्षों में भोपाल में हुए विस्तार, जनसंख्या वृद्धि, मेट्रोपालिटन क्षेत्र घोषित होने, औद्योगिक विकास सहित अन्य आधार पर मास्टर प्लान की आवश्यकता को लेकर पक्ष रखा जाएगा.

शाजापुर में वेतन नहीं मिलने पर 13 कचरा वाहन चालकों ने रोका काम
शाजापुर शहर में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था प्रभावित हो रही है. नगरपालिका के तहत संचालित 13 कचरा वाहनों के चालकों ने अगस्त माह का वेतन अब तक नहीं मिलने के विरोध में वाहन न चलाने की चेतावनी दी है. सोमवार को भी चालकों के काम पर नहीं आने के कारण कई इलाकों से घरों से कचरा संग्रहण नहीं हो सका. वाहनों द्वारा कचरा संग्रहण नहीं किए जाने से शहर में कई स्थानों पर कचरे के ढेर नजर आने लगे हैं. इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं. नगरपालिका ने 13 कचरा वाहनों के संचालन की जिम्मेदारी यूनिक वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी उज्जैन को दे रखी है. वाहन चालकों का कहना है कि अगस्त माह पूरा बीत जाने के बाद सितंबर के भी 21 दिन निकल चुके हैं लेकिन उन्हें अब तक वेतन नहीं मिला है. चालकों के अनुसार हर महीने वेतन मिलने में देरी की समस्या बनी रहती है.

शाजापुर में जलझूलनी एकादशी (डोल ग्यारस) पर आज निकलेंगे चल समारोह
शाजापुर जिले में आज 22 सितंबर को जलझूलनी एकादशी (डोल ग्यारस) पर्व धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा. प्राचीन परंपरा के अनुसार किला परिसर स्थित श्रीराम मंदिर से प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पूजा-अर्चना करने के बाद सबसे पहले शासकीय डोल निकाला जाएगा. फूलों से सजे इस प्राचीन डोल में बाल गोपाल को विराजित किया जाएगा और फिर नगर भ्रमण करवाया जाएगा. इसके बाद शहर में अलग-अलग स्थान से 24 डोल चल समारोह निकाले जाएंगे. आकर्षक झांकियों के साथ डोल ग्यारस पर्व पर बरसों से अखाड़े निकाले जाने की परंपरा है, जिसे इस वर्ष भी निभाया जाएगा. इसमें युवा अपनी हैरतअंगेज कला का प्रदर्शन करेंगे और नगर एक बार फिर श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबा नजर आएगा.

बेमेतरा के ग्राम काचरी में कई परिवारों का हुक्का-पानी बंद, कलेक्टर और एसपी से की शिकायत
बेमेतरा के ग्राम काचरी के ग्रामीणों का आरोप है कि पहले चार और अब तीन परिवारों का हुक्का-पानी बंद किया गया. इन परिवारों को गांव में आने-जाने, मंदिर जाने और काम करने से रोका जा रहा है. ग्रामीणों के बच्चों को भी गांव की दुकानों से सामान नहीं देने की बात सामने आई है. दुकानदारों से पूछने पर बच्चों को बताया जाता है कि उन्हें सामान देने से मना किया गया है लेकिन किसने मना किया यह नहीं बताया जाता. ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर न्याय की मांग की.

टीकमगढ़ में प्राइवेट हॉस्टल से तीन बच्चे लापता
टीकमगढ़ में प्राइवेट हॉस्टल से तीन बच्चों के लापता होने का मामला सामने आया है. इनके नाम आनंद अहिरवार उम्र 13 साल, विशाल कुशवाहा उम्र 12 साल और प्रमोद कुशवाहा उम्र 9 साल हैं. तीनों बच्चे जानकी बाई इंग्लिश मीडियम स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते थे. बच्चों के परिजनों ने खरगापुर थाने में शिकायत दी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चों की खोजबीन शुरू की. खरगापुर थाना क्षेत्र की यह घटना है.

महासमुंद में थार से हो रही थी गांजा तस्करी, दो गिरफ्तार
महासमुंद में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस और एएनटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है. बसना के पलसापाली में नाकाबंदी के दौरान थार वाहन से 46 किलो गांजा बरामद किया गया है. मामले में महाराष्ट्र के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओडिशा के बलांगीर से गांजा लेकर नागपुर जा रहे थे. मुखबिर से सूचना मिलने के बाद बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने पलसापाली के पास नाकाबंदी की. इसी दौरान महाराष्ट्र नंबर की थार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 46 किलो गांजा मिला. पुलिस ने मौके से रुषभ सुरेश राव चौधरी और अशफाक रफीक शेख को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में आरोपियों के ओडिशा के बलांगीर से गांजा लेकर नागपुर जाने की जानकारी सामने आई. पुलिस ने 23 लाख रुपये कीमत का गांजा, 15 लाख रुपये की थार और दो मोबाइल जब्त किए हैं. कुल जब्ती की कीमत 38 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है. आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है.



Source link