भारत ने जिम्बाब्वे को तीसरे वनडे में 8 विकेट हराया, 3-0 से सीरीज किया अपने नाम
Last Updated:
भारतीय महिला टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज के अंतिम मुकाबले में को जिम्बाब्वे को आठ विकेट से हराकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया. जिम्बाब्वे की पारी को 131 रन पर समेटने के बाद भारत ने महज 17 ओवर में दो विकेट पर 133 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की. भारत ने प्रतिका रावल और शेफाली वर्मा की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 33 ओवर शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया.
भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे को हराया
नई दिल्ली: वैष्णवी शर्मा की घातक गेंदबाजी के बाद शेफाली और प्रतिका रावल की दमदार बल्लेबाजी से भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे को तीसरे वनडे में 8 विकेट से हरा दिया. मुकाबले में जिम्बाब्वे की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 39.5 ओवर में 131 रन का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में टीम इंडिया ने 17 ओवर में ही 2 विकेट के नुकसान पर 132 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया.
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम के लिए शुरुआत अच्छी नहीं रही. ओपनर यस्तिका भाटिया बिना खाता खोले आउट हो गईं. इसके बाद हरलीन देओल भी कुछ खास नहीं कर पाईं और 19 गेंद में 19 रन बनाकर आउट हो गईं. हालांकि, दो शुरुआती विकेट के बाद फिर शेफाली वर्मा और प्रतिका रावल ने मोर्चा संभालते हुए टीम को और नुकसान नहीं होने दिया. शेफाली 26 गेंद में 51 रन बनाकर नाबाद रहीं. वहीं, प्रतिका ने 56 गेंद में 59 रन बनाए. इस तरह टीम इंडिया ने 33 ओवर पहले ही मैच को अपने नाम कर लिया.
गेंदबाजी में वैष्णवी ने किया कमाल
टीम इंडिया के लिए गेंदबाजी में वैष्णवी शर्मा ने कमाल का खेल दिखाया. वैष्णवी ने भारतीय टीम के लिए 10 ओवर में सिर्फ 39 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए. वैष्णवी की इस दमदार गेंदबाजी के कारण जिम्बाब्वे की टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर नहीं बना पाई. वैष्णवी के अलावा गेंदबाजी में भारतीय टीम की तरफ से सायली सतघरे और क्रांति गौड़ ने भी 2-2 विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा जिम्बाब्वे की एक खिलाड़ी रन आउट हुई.
बल्लेबाजी में जिम्बाब्वे की हालत रही खराब
भारत के खिलाफ तीसरे और आखिरी मुकाबले में जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी बुरी तरह से फ्लॉप रही. जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा मोडेस्टर मुपाचिकवा ने 48 गेंद में 37 रनों की पारी खेली. इसके अलावा टीम की कप्तान जोसेफिन नकोमो ने 67 गेंद में 35 रनों का योगदान दिया. इन दो खिलाड़ियों के अलावा जिम्बाब्वे का पूरा बैटिंग ऑर्डर भारतीय बॉलिंग के आगे रन बनाने के लिए संघर्ष करता हुआ दिखाई दिया.