पश्चिम एशिया की जंग में भारत को बड़ा जख्म, 14 नाविक समेत 22 नागरिकों की गई जान
Last Updated:
Indians Dead in West Asia Conflict: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच 22 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है. इनमें 14 नाविक भी शामिल हैं. विदेश मंत्रालय ने इन मौतों की पुष्टि करते हुए घटनाओं पर गहरी चिंता और दुख जताया है. मंत्रालय के मुताबिक, संघर्ष प्रभावित क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
Indians Dead in West Asia Conflict: पश्चिम एशिया में भड़के भीषण युद्ध की तपिश अब सीधे तौर पर हिंदुस्तान को झुलसाने लगी है. इस खूनी संघर्ष में 14 नाविकों समेत कुल 22 भारतीय नागरिकों की जान चली गई है, जिससे नई दिल्ली की चिंताएं बेहद बढ़ गई हैं. विदेश मंत्रालय ने इन मौतों की पुष्टि करते हुए पूरे हालात पर गहरा अफसोस और गंभीर चिंता जाहिर की है.
मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया से मुखातिब होते हुए साफ किया कि खाड़ी क्षेत्र में रहने वाले भारतीयों की हिफाजत सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. जान गंवाने वाले नागरिकों में 3 लोग सऊदी अरब में मारे गए हैं. जंग के मुहाने पर खड़े इस अशांत इलाके में फंसे अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारतीय दूतावास लगातार वहां के भारतीय समुदाय के संपर्क में हैं और हालात पर पैनी नजर रखे हुए हैं.
अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमलों के बाद फरवरी में पश्चिम एशिया का संघर्ष शुरू हुआ था. नई दिल्ली लगातार बातचीत और कूटनीति के जरिए इस संघर्ष का हल निकालने की अपील करती रही है. पश्चिम एशिया में तनाव अचानक बढ़ गया है, खासकर तब से जब हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर कई हमले किए हैं. भारत ने सऊदी अरब के बुनियादी ढांचे और आर्थिक ठिकानों पर हूती हमलों को लेकर गहरी चिंता जताई है.