Dhanteras Gold Shopping Tips: दिवाली और धनतेरस पर सोना खरीदना कई परिवारों के लिए सिर्फ शॉपिंग नहीं, बल्कि शुभ शुरुआत और भविष्य के लिए बचत से भी जुड़ा होता है. ऐसे में त्योहार से पहले अगर सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिले, तो खरीदारी को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ना भी स्वाभाविक है. इस बार भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है. जूलरी कारोबारियों विपुल अग्रवाल के मुताबिक, ग्राहक अभी से अपनी पसंद के गहने चुन रहे हैं. कई लोग धनतेरस के दिन डिलीवरी लेने के लिए पहले ही बुकिंग करा रहे हैं.
अभी खरीद रहे हैं सोना, धनतेरस पर लेंगे डिलीवरी
विपुल अग्रवाल के मुताबिक इस बार सोने और चांदी की कीमतों में आई गिरावट के बीच खरीदारी को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है. कारोबारी का दावा है कि सोने के भाव में करीब 20% और चांदी में करीब 50% तक गिरावट देखने को मिली है. कई ग्राहक अभी से अपनी पसंद की जूलरी चुनकर पैसे जमा कर रहे हैं, लेकिन डिलीवरी धनतेरस के दिन ही लेना चाहते हैं. इसकी एक बड़ी वजह शुभ दिन पर खरीदारी की परंपरा है. साथ ही, त्योहार वाले दिन दुकानों पर भीड़ होने के कारण ग्राहक पहले ही डिजाइन पसंद करके अपनी खरीदारी तय कर लेना चाहते हैं.
क्या धनतेरस तक फिर बढ़ सकते हैं सोने के भाव
सोने की कीमतों में आगे क्या बदलाव होगा, यह सवाल भी खरीदारों के मन में है. विपुल अग्रवाल के मुताबिक उस समय 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1.42-1.43 लाख रुपये के आसपास था. उनका अनुमान था कि धनतेरस तक कीमतों में बहुत ज्यादा उतार-चढ़ाव या तेजी देखने को नहीं मिलेगी और भाव करीब 1.45 लाख रुपये तक रह सकता है.कीमतों की गारंटी नहीं. सोने के भाव में अंतरराष्ट्रीय बाजार, डॉलर की चाल और दूसरी आर्थिक परिस्थितियों के कारण बदलाव हो सकता है.
एक साथ नहीं, बजट के हिसाब से करें खरीदारी
विपुल अग्रवाल के अनुसार, एक विकल्प यह हो सकता है कि आप अपनी खरीदारी को छोटे-छोटे हिस्सों में बांट लें. उदाहरण के लिए, अगर आपका बजट ₹1 लाख है, तो पूरी रकम एक ही बार में लगाने के बजाय आप अलग-अलग किश्तों में खरीदारी कर सकते हैं. अगर कीमतें और गिरती हैं, तो आपको और खरीदारी करने का मौका मिल सकता है.हालांकि, इससे मुनाफे की कोई गारंटी नहीं है, और कीमतें बढ़ भी सकती हैं.
सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
धनतेरस पर सोना, चांदी या जूलरी खरीदते समय सिर्फ कीमत देखना काफी नहीं है. कारोबारी सलाह देते हैं कि ग्राहक भरोसेमंद दुकानदार से खरीदारी करें और गहनों पर हॉलमार्क जरूर जांचें. साथ ही, बिल में सोने की शुद्धता, वजन, मेकिंग चार्ज और दूसरे शुल्क की जानकारी भी देखें.
चांदी के सिक्के खरीदने समय रखें ये ध्यान
चांदी के सिक्के खरीद रहे हैं, तो उनकी शुद्धता और हॉलमार्किंग से जुड़ी जानकारी जांचें. 999 शुद्धता का दावा होने पर भी उसकी पुष्टि करें. MMTC जैसे प्रतिष्ठित स्रोत से सिक्के खरीदने का विकल्प देखा जा सकता है.
धनतेरस की खरीदारी के लिए सबसे जरूरी बात यही है कि शुभ दिन के साथ अपने बजट और जरूरत का भी ध्यान रखें. सिर्फ इस उम्मीद में जल्दबाजी न करें कि त्योहार पर सोना महंगा ही होगा.