‘अभी तो लंबा सफर ‘, कांग्रेस नेता ने विक्रमादित्य सिंह को बताया भविष्य में हिमाचल का सीएम, मुस्काते हुए बोले युवा मंत्री- ये उनके मन के भाव

‘अभी तो लंबा सफर ‘, कांग्रेस नेता ने विक्रमादित्य सिंह को बताया भविष्य में हिमाचल का सीएम, मुस्काते हुए बोले युवा मंत्री- ये उनके मन के भाव


शिमला. हिमाचल प्रदेश की राजनीति में भविष्य में मुख्यमंत्री पद को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है. चौपाल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रजनीश किमटा की ओर से लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को भविष्य का मुख्यमंत्री बताए जाने के बयान पर अब खुद विक्रमादित्य सिंह ने प्रतिक्रिया दी है.

शिमला में मीडिया से बातचीत के दौरान विक्रमादित्य सिंह इस सवाल पर मुस्कुराए और कहा कि अभी लंबा सफर बाकी है और इस दौरान कई उतार-चढ़ाव आएंगे. उन्होंने किमटा के बयान को उनके निजी भाव बताते हुए कहा कि वह जहां हैं, वहां खुश हैं.

विक्रमादित्य सिंह के इस जवाब ने प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं को फिर हवा दे दी है. हालांकि, उन्होंने भविष्य में मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई दावा नहीं किया और फिलहाल प्रदेश के हित में काम करने पर जोर दिया.

‘ये रजनीश किमटा के मन के भाव हैं’

चौपाल दौरे के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रजनीश किमटा ने मंच से विक्रमादित्य सिंह को भविष्य का मुख्यमंत्री बताया था. इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह किमटा के अपने मन के भाव हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह फिलहाल अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं और प्रदेश के हित में काम करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं.

मुख्यमंत्री पद को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अभी लंबा सफर तय करना है और रास्ते में कई उतार-चढ़ाव आएंगे. उनके इस जवाब को राजनीतिक हलकों में उनके भविष्य की भूमिका से जोड़कर देखा जा रहा है.

‘मेरे लिए प्लेटफॉर्म जरूरी है’

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उनके लिए काम करने का प्लेटफॉर्म महत्वपूर्ण है. उन्होंने अपने विभागों के कामकाज का जिक्र करते हुए दावा किया कि पिछले चार वर्षों में उनके दो विभागों के लिए केंद्र सरकार से 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मदद लाई गई है.उन्होंने कहा कि वह प्रदेश के विकास और जनता के हितों को प्राथमिकता देते हुए काम कर रहे हैं. उनके मुताबिक, फिलहाल उनका ध्यान अपनी जिम्मेदारियों को निभाने और हिमाचल के विकास के लिए काम करने पर है.

किमटा के बयान के बाद सियासी चर्चा

27 अक्तूबर को चौपाल में एक कार्यक्रम के दौरान रजनीश किमटा ने विक्रमादित्य सिंह को भविष्य का मुख्यमंत्री बताकर राजनीतिक हलकों में नई चर्चा शुरू कर दी थी. अब विक्रमादित्य सिंह की प्रतिक्रिया के बाद इस बयान को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं.  हालांकि, विक्रमादित्य सिंह ने अपने जवाब में मुख्यमंत्री पद की दावेदारी पेश नहीं की. उन्होंने किमटा के बयान को उनके निजी विचार बताते हुए अपने वर्तमान कामकाज और प्रदेश के हितों को प्राथमिकता देने की बात कही. गौर रहे कि हिमाचल प्रदेश में विक्रमादित्य सिंह के पिता वीरभद्र सिंह छह बार के सीएम रहे हैं.  विक्रमादित्य बीते दो चुनाव में शिमला ग्रामीण से जीते हैं और अब सुक्खू सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं.



Source link