‘इस्लाम कबूल कर लूंगा’, रोने वाले आगरा के SP प्रत्यासी आकाश अग्रवाल की जीत
Last Updated:
उत्तर प्रदेश के 11 सीटों पर होने वाले एमएलसी चुनाव में इस बार एक नाम लगातार चर्चा में रहा- डॉ. आकाश अग्रवाल. मतदान के दिन चुनावी गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए आकाश कैमरे के सामने फूट-फूटकर रोने लगे थे. यही नहीं उन्होंने धर्म परिवर्तन करने का भी ऐलान कर दिया था. इसके बाद से ही सभी की नजरें आगरा-अलीगढ़ खंड शिक्षक एमएलसी सीट पर टिकी थीं. तो आइए जानते हैं कि आखिर आगरा एमएलसी सीट पर क्या रहा परिणाम.
चुनाव के दिन मीडिया के कैमरों के सामने फूट फूटकर रोने वाले सपा के आकाश अग्रवाल के सिर आखिरकार सज गया जीत का सेहरा.
उत्तर प्रदेश की आगरा-अलीगढ़ शिक्षक विधान परिषद (MLC) सीट के चुनावी दंगल का सबसे बहुप्रतीक्षित और चर्चित परिणाम सामने आ चुका है. मतदान वाले दिन प्रशासनिक प्रताड़ना और भेदभाव का आरोप लगाते हुए कैमरे के सामने बिलख-बिलख कर रोने वाले समाजवादी पार्टी समर्थित प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने चुनाव जीत लिया है. उन्होंने कांटे के मुकाबले में बीजेपी प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी को करारी शिकस्त दी है. इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही डॉ. आकाश अग्रवाल ने लगातार दूसरी बार इस प्रतिष्ठित सीट पर अपनी मजबूत पकड़ साबित कर दी है. मतगणना के अंतिम दौर के बाद रिटर्निंग ऑफिसर नागेन्द्र प्रताप ने देर रात उन्हें जीत का आधिकारिक प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) सौंप दिया है.