Last Updated:
Vaishali News: वैशाली में पुलिस ने एक घर पर छापा मारा. जहां से तकरीबन 20 लाख कीमत के अवैध पटाखे बरामद किए गए. बताया जा रहा है कि दीवाली से पहले अवैध तरीके से पटाखों का भंडारण किया गया था. जिन्हें दीवाली के समय बेचने की योजना थी. मालूम हो कि बीते दिनों सीवान में एक घर में पटाखे बनाने के दौरान विस्फोट हुए था. जिसमें छह लोगों की मौत हो गई थी.
पुलिस के छापे में 20 लाख के अवैध पटाखे बरामद किए गए.
वैशालीः सीवान में पटाखा विस्फोट के बाद वैशाली जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया. अवैध पटाखों के भंडारण और निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई. इसी कड़ी में पुलिस ने गोरौल थाना के स्टेशन रोड स्थित एक मकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए. बरामद पटाखों की कीमत करीब 15 से 20 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने मौके से कारोबारी सीताराम गुप्ता उर्फ पप्पू साह को गिरफ्तार किया.
स्टेशन रोड के मकान में छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि गोरौल के स्टेशन रोड स्थित एक मकान में अवैध तरीके से पटाखे जमा किए गए हैं. सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने मकान में छापेमारी की. इस दौरान बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद हुए. शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इनकी कीमत 15 से 20 लाख रुपये के बीच है.
भंडारण को लेकर जांच तेज
यह कार्रवाई एसएसपी शुभांक मिश्रा के निर्देश पर की गई. पुलिस अब बरामद पटाखों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि पटाखे कहां से लाए गए थे और मकान में किस उद्देश्य से जमा किए गए थे. साथ ही भंडारण से जुड़े नियमों की भी पड़ताल की जा रही है. मालूम हो कि बीते दिनों सिवान में पटाखा विस्फोट की घटना के बाद अवैध पटाखों के खिलाफ कार्रवाई तेज हुई है. वैशाली पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले में पटाखों के अवैध भंडारण पर निगरानी बढ़ा दी गई है.
सीवान में हुआ था हादसा
हाल ही में सीवान जिले में हादसा हो गया था, जिसमें पटाखा बनाने वाले कारोबारी के घर में बारूद ब्लास्ट हो गया था. हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी. यह ब्लास्ट इतना खतरनाक था कि इमारत ढह गई थी. जिसके बाद प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया. गांव में जांच करने पर सामने आया था कि कई घरों में अवैध तरीके से पटाखे बनाए जा रहे थे.