यूपी एमएलसी चुनाव परिणाम : स्नातक सीटों पर अखिलेश यादव का दबदबा, शिक्षकों ने योगी आदित्यनाथ का दिया साथ


Last Updated:

उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के नतीजों और रुझानों में स्नातक और शिक्षक सीटों पर अलग-अलग तस्वीर देखने को मिल रही है. स्नातक सीटों पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं, वहीं शिक्षक सीटों पर भाजपा को कई जगह जीत मिली है. आगरा और वाराणसी में शिक्षक सीटों पर सपा ने जीत दर्ज की है, जबकि मेरठ-सहारनपुर की दोनों सीटों पर भाजपा ने बाजी मारी है. ऐसे में चुनावी नतीजे प्रदेश की सियासत में स्नातक और शिक्षक मतदाताओं के अलग-अलग रुझान को दिखा रहे हैं.

Top Deals Inside

UP MLC: स्नातक सीटों पर अखिलेश यादव का दबदबा, शिक्षकों ने CM योगी का दिया साथZoom

अखिलेश यादव बनाम सीएम योगी.

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव की मतगणना चल रही है. मतगणना सुबह आठ बजे से सात केंद्रों पर जारी है. बता दें, आज काउंटिंग का दूसरा दिन है. 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था. कुल 152 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 14.81 लाख मतदाता करेंगे. वोटिंग के दिन ही कुल 55 प्रतिशत मतदान हुआ था. अब काउंटिंग लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में 7 स्थानों पर हो रही है. जैसे-जैसे रिजल्ट सामने आ रहे हैं वैसे-वैसे भाजपा और सपा की सियासी तस्वीर साफ हो रही है. कहा जा रहा है कि इस चुनाव का असर अगले साल होने वाले विधानसभा को भी दर्शा सकता है. अगर अभी सामने आए नतीजों की बात करें तो कहीं न कहीं स्नातक सीटों पर सपा मुखिया अखिलेश यादव का दबदबा दिख रहा है. वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ का साथ शिक्षक दे रहे हैं.

दरअसल, उत्तर प्रदेश की बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी दानिश अख्तर को 17,676 मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की है. इस सीट पर भाजपा ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल की है. वहीं, इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पांचवें दौर की मतगणना के बाद समाजवादी पार्टी के डॉ. मानसिंह यादव 27,157 मत हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अशोक राठौड़ से 7,648 मतों से आगे हैं।

यूपी MLC चुनाव: कहीं BJP तो कहीं सपा का दबदबा, देखें सीटवार नतीजे

क्षेत्र कुल सीट स्नातक सीट शिक्षक सीट
आगरा 2 BJP जीती सपा जीती
लखनऊ 2 सपा आगे BJP जीती
प्रयागराज-झांसी 1 सपा आगे —
वाराणसी 2 सपा आगे सपा जीती
गोरखपुर-फैजाबाद 1 — BJP आगे
मेरठ-सहारनपुर 2 BJP जीती BJP जीती
बरेली-मुरादाबाद 1 — BJP जीती

वहीं, गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने अंतिम चरण की मतगणना के बाद अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव पर 466 मतों की बढ़त बना ली है. त्रिपाठी को 11,881, जबकि राजीव यादव को 11,415 मत मिले. सपा के डॉ. संजयान त्रिपाठी 8,301 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे.

इस सीट पर मतगणना के दौरान कुछ मतों के अंतर और प्रक्रिया को लेकर विवाद हुआ. मऊ के एक बूथ की मतपेटी में दर्ज संख्या से 52 मत अधिक मिलने पर प्रत्याशियों ने आपत्ति जताई. इसके अलावा, एक प्रत्याशी की शिकायत के बाद अयोध्या के अपर आयुक्त अजय सैनी को मतगणना ड्यूटी से हटा दिया गया.



Source link