Last Updated:
Jaipur Real Estate Property Boom: जयपुर के प्रॉपर्टी बाजार में नवरात्र के 15 दिनों में बंपर उछाल दर्ज किया गया है. सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों में 9,000 प्रॉपर्टी और 6,000 लोन दस्तावेजों समेत कुल 15 हजार रजिस्ट्री हुई हैं, जिससे सरकार को 450 करोड़ का राजस्व मिला. क्रेडाई रिपोर्ट के अनुसार जयपुर टियर-2 शहरों में रियल एस्टेट का हॉट स्पॉट बन चुका है. 1,000 वर्गफुट फ्लैट की औसतन कीमत 64.3 लाख रुपये के साथ जयपुर में मकान खरीदना बेंगलुरु, हैदराबाद और गुरुग्राम की तुलना में काफी सस्ता और फायदे का सौदा है.
Jaipur Real Estate Property Boom: जयपुर में नवरात्र से प्रॉपर्टी बाजार में बंपर उछाल, 15 दिन में 450 करोड़ का राजस्व
Jaipur: श्राद्ध पक्ष की सुस्ती के बाद जयपुर के प्रॉपर्टी बाजार में नवरात्र आते ही जबरदस्त तेजी देखने को मिली है. त्योहारों के इस सीजन में राजधानी जयपुर में जमीनों और मकानों की खरीद-फरोख्त में तीन गुना तक का उछाल आया है. सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों में पिछले 15 दिनों के दौरान प्रॉपर्टी के दस्तावेजों के पंजीयन और लोन मामलों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे राज्य सरकार का खजाना भी भर गया है.
नवरात्रि के 15 दिनों में सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों में करीब 9,000 प्रॉपर्टी दस्तावेजों का पंजीयन हुआ है, जबकि 6,000 लोन दस्तावेजों की रजिस्ट्री की गई है. इस प्रकार रोजाना औसतन 1,000 दस्तावेजों का पंजीकरण दर्ज किया गया है. इस बंपर खरीद-फरोख्त से राजस्थान सरकार को करीब 450 करोड़ रुपये का बड़ा राजस्व प्राप्त हुआ है. राजस्थान स्टांप वेंडर एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश झालानी और एडवोकेट देवेंद्र यादव के अनुसार, जयपुर के तेजी से होते शहरी विस्तार, एजुकेशन, मेडिकल और कोचिंग हब के रूप में विकसित होने के कारण यह उछाल देखा जा रहा है. श्राद्ध पक्ष की तुलना में नवरात्र के 15 दिनों में यह उछाल 200 प्रतिशत अधिक दर्ज हुआ है.
टियर-2 शहरों में रियल एस्टेट का हॉट स्पॉट बना जयपुर
देश भर के रियल एस्टेट बाजार में जयपुर तेजी से उभरता हुआ टियर-2 शहर बन चुका है. क्रेडाई और रियल एस्टेट रिसर्च फर्म ‘लाइसेस फोरास’ की रिपोर्ट के मुताबिक, जयपुर में आवासीय संपत्तियों (रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी) की कीमतों में पिछले 5 सालों के दौरान 5.3% की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि (CAGR) दर्ज की गई है. आंकड़ों के मुताबिक साल 2024 में जयपुर में 9,758 नई आवासीय इकाइयों की बिक्री हुई थी, जो 2025 में बढ़कर 10,271 तक पहुँच गई.
जयपुर में घर खरीदना अन्य मेट्रो शहरों की तुलना में फायदे का सौदा
क्रेडाई राजस्थान के अध्यक्ष रवींद्र प्रताप सिंह के अनुसार, देश के अन्य प्रमुख महानगरों की तुलना में आज जयपुर में घर खरीदना काफी फायदे का सौदा साबित हो रहा है. वर्तमान में जयपुर में 1,000 वर्गफुट के फ्लैट की औसत कीमत लगभग 64.3 लाख रुपये है. हालांकि यह कीमत अहमदाबाद से थोड़ी ज्यादा है, लेकिन बेंगलुरु, हैदराबाद और गुरुग्राम जैसे बड़े आईटी शहरों की तुलना में बेहद सस्ती है. यही कारण है कि स्थानीय खरीदारों के साथ-साथ बाहरी निवेशक भी जयपुर के रियल एस्टेट में भारी रुचि दिखा रहे हैं.