राहुल जी बस 20 मिनट दे दीजिए, रामलीला महारैली को लेकर व्यापारियों ने रखी शर्त
Last Updated:
दिल्ली के 20 बाजारों के व्यापारियों ने राहुल गांधी को पत्र लिखा है. व्यापारियों ने 1 नवंबर की रामलीला महारैली से व्यापार पर पड़ने वाले असर पर चर्चा के लिए 20 मिनट का समय मांगा है. व्यापारियों का कहना है कि अगर राहुल गांधी उन्हें इस रैली के फायदे गिना देते हैं तो वे इसका विरोध करना छोड़ देंगे, या फिर ये नुकसान समझाएंगे और राहुल रैली को दिवाली बाद कर दें.
महारैली पर दिल्ली के व्यपारियों ने राहुल गांधी से मांगा 20 मिनट का समय;
1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने जा रही कांग्रेस की महारैली को लेकर व्यापारियों में भारी डर है. जबकि कांग्रेस की ओर से व्यापारियों को इस रैली के फायदे बताए जा रहे हैं. ऐसे में अब दिल्ली के 20 बाजारों के व्यापारियों ने राहुल गांधी से 20 मिनट का समय मांगा है. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री की ओर से लिखे गए पत्र में महारैली से होने वाले नुकसान का हवाला देने के साथ ही कारोबारियों ने राहुल गांधी से मिलने का समय मांगा है और प्रस्ताव रखा है कि अगर राहुल गांधी उन्हें महारैली से व्यापार को होने वाले फायदे बताते हैं तो वे रैली करें और अगर व्यापारी उन्हें नुकसान गिना देते हैं तो राहुल इस रैली को दीवाली बाद के लिए स्थगित कर दें.
व्यापारियों ने लिखा, “अगर आपने समझा दिया कि रैली से व्यापार बढ़ेगा तो हम विरोध वापस ले लेंगे, अगर हमने समझा दिया कि नुकसान होगा तो आपको रैली दिवाली तक टालनी पड़ेगी”
दिल्ली में व्यापारियों और उद्यमियों के शीर्ष संगठन, चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने राहुल गांधी जी को एक खुला पत्र लिखकर ये नई लोकतांत्रिक पेशकश की है.
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने पत्र में कहा कि रामलीला मैदान के नजदीक के 20 बड़े होलसेल बाजारों के 20 व्यापारी प्रतिनिधि राहुल गांधी जी से सिर्फ 20 मिनट का मिलने का समय चाहते हैं.
सीटीआई के प्रस्ताव में क्या है?
- 1. अगर 20 मिनट की मुलाकात में राहुल गांधी जी हमें यह समझा देते हैं कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में 10 लाख लोगों की महारैली होने से दिल्ली के व्यापारियों का व्यापार बढ़ेगा, ग्राहक बढ़ेंगे, तो CTI उसी क्षण अपना विरोध वापस ले लेगा और रैली का स्वागत करेगा.
- 2. और अगर 20 मिनट में हम 20 व्यापारी आपको यह समझा देते हैं कि इस रैली से रामलीला मैदान से जुड़े 20 बड़े बाजारों में व्यापार का नुकसान होगा, तो आपको जनहित में इस रैली को दिवाली तक टालना पड़ेगा.
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा, “हम लड़ाई नहीं, बातचीत चाहते हैं. राहुल जी खुद कहते हैं कि मैं सबकी सुनता हूं, छोटे व्यापारियों की आवाज सुनता हूं. तो हम 20 बाजारों के व्यापारी उनसे 20 मिनट मांग रहे हैं. ये लोकतंत्र की खूबसूरती होगी.”
रामलीला मैदान से जुड़े ये हैं वो 20 बड़े होलसेल बाजार
ये सभी बाजार रामलीला मैदान से 1 से 5 किलोमीटर के दायरे में आते हैं और रैली के दिन सबसे ज्यादा प्रभावित होंने की संभावना है.
- 1. चांदनी चौक – जनरल रिटेल
- 2. भागीरथ पैलेस – एशिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रॉनिक मार्केट
- 3. खारी बावली – एशिया की सबसे बड़ी मसाला/ड्राई फ्रूट मार्केट
- 4. सदर बाजार – देश की सबसे बड़ी जनरल होलसेल मार्केट
- 5. चावड़ी बाजार – पेपर और हार्डवेयर
- 6. कश्मीरी गेट – ऑटो पार्ट्स
- 7. नबी करीम – होजरी/गारमेंट
- 8. करोल बाग – गारमेंट और ज्वेलरी
- 9. अजमेरी गेट – मशीनरी और इलेक्ट्रिकल
- 1. दरियागंज – किताब और स्टेशनरी
- 2. नई सड़क – किताब और शादी कार्ड
- 3. किनारी बाजार – शादी/लेस-लटकन
- 4. दरीबा कलां – ज्वेलरी
- 5. फतेहपुरी – दाल और किराना होलसेल
- 6. नया बाजार -देश की सबसे बड़ी अनाज मंडी
- 7. फिल्मिस्तान – फर्नीचर और टिम्बर
- 8. पहाड़गंज – होटल सप्लाई और जनरल बाजार
- 9. गफ्फार मार्केट – मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स
- 10. जामा मस्जिद / मीना बाजार – क्रॉकरी और डेकोरेशन
- 11. लाजपत राय मार्केट – इलेक्ट्रॉनिक्स होलसेल