पटनाः बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हुए चुनाव के नतीजे आ चुके हैं. अब तक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की तीन सीटों के नतीजे सामने आए हैं. तिरहुत शिक्षक सीट पर बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत दर्ज की है. सारण शिक्षक सीट से निर्दलीय प्रत्याशी राहुल राज विजयी हुए हैं. दरभंगा शिक्षक सीट पर जन सुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी डॉ. मदन मोहन झा को हराया है. बाकी पांच सीटों पर मतगणना जारी है. इनमें पटना की स्नातक और शिक्षक सीट के साथ तिरहुत, दरभंगा और कोसी की स्नातक सीटें शामिल हैं.
तिरहुत से बीजेपी, सारण से निर्दलीय और दरभंगा से जन सुराज जीता
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी भूषण झा को 594 वोटों से हराया. नरेंद्र प्रसाद सिंह को 2,945 वोट मिले, जबकि भूषण झा को 2,351 वोट मिले. सारण शिक्षक सीट पर बीजेपी के बागी निर्दलीय प्रत्याशी राहुल राज ने जेडीयू के आनंद पुष्कर और जन सुराज के आफाक अहमद को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की. राहुल राज को 4,965 वोट मिले, जबकि आनंद पुष्कर को 3,150 वोट मिले. उन्होंने 1,815 वोटों के अंतर से जीत हासिल की. वहीं, दरभंगा शिक्षक सीट पर जन सुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा को 324 वोटों से हराया.
पटना स्नातक सीट पर दिलीप कुमार आगे, नीरज कुमार पीछे
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना के तीसरे राउंड के बाद राजद के दिलीप कुमार 403 वोटों से आगे चल रहे थे. उन्हें कुल 6,642 वोट मिले थे. जदयू के नीरज कुमार को 6,239 वोट मिले, जबकि जन सुराज के डॉ. अनुज सिंह को 4,624 वोट मिले. शुरुआती रुझानों में नीरज कुमार आगे थे, लेकिन अगले राउंड में तस्वीर बदल गई. इस सीट पर अनंत सिंह के समर्थन वाले अनुज सिंह भी मुकाबले में बने हुए हैं.
पटना शिक्षक सीट पर नवल किशोर यादव और संजीव कुमार में मुकाबला
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी के नवल किशोर यादव और राजद के डॉ. संजीव कुमार के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. शुरुआती रुझानों में नवल किशोर यादव आगे थे, जबकि दूसरे राउंड के बाद डॉ. संजीव कुमार ने बढ़त बना ली थी. बाद के रुझानों में नवल किशोर यादव फिर आगे निकले. मतगणना के तीसरे राउंड के बाद उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार नवल किशोर यादव को 3,239 वोट और डॉ. संजीव कुमार को 3,094 वोट मिले थे. इस तरह नवल किशोर यादव 145 वोटों से आगे थे.
तिरहुत और दरभंगा स्नातक सीटों पर भी नजर
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में दूसरे राउंड की गिनती के बाद निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर ब्रजवासी 1,024 वोटों से आगे चल रहे थे. उन्हें कुल 4,913 वोट मिले थे, जबकि जदयू के अभिषेक झा को 3,889 वोट प्राप्त हुए थे. दूसरी ओर, दरभंगा स्नातक सीट पर शुरुआती रुझानों में बीजेपी के सर्वेश कुमार आगे बताए गए, जबकि राजद के अनिल झा पीछे थे. जन सुराज के मोहम्मद इम्तियाज तीसरे स्थान पर थे. कोसी स्नातक सीट पर भी मतगणना जारी थी. इन सीटों पर अंतिम नतीजे आने बाकी हैं.