Last Updated:
Arnab Impact in MP: मध्य प्रदेश में भी अर्नब चक्रवात का असर देखने को मिलेगा. आज 28 अक्टूबर 2026 को 31 जिलों के लिए अलर्ट है. 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है. प्रदेश के पूर्वी हिस्से में इसका असर दिखेगा. शेष जिलों में अर्नब चक्रवात का प्रभाव नहीं रहेगा.
अर्नब चक्रवात के चलते कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी की गई है.
रिपोर्ट- शिवकांत आचार्य, भोपाल. मध्य प्रदेश में आज 28 अक्टूबर 2026 को कुछ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. यह अर्नब चक्रवात के असर के चलते है. मौसम विज्ञान केंद्र ने कुल 31 जिलों में अलर्ट जारी किया है. इनमें से 6 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना बन रही है. राजधानी भोपाल, जबलपुर, रीवा समेत आसपास के जिलों में जहां बूंदाबांदी होगी, तो वहीं अगले 24 घंटों के दौरान सीधी, सिंगरौली, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश हो सकती है.
बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात अर्नब का मध्य प्रदेश में भी असर दिखेगा. IMD भोपाल ने अगले चार दिनों तक प्रदेश में कहीं तेज तो कहीं आंधी, गरज-चमक के साथ हल्की से अति भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया. आज 31 जिलों में इसका असर दिखेगा. मौसम विभाग ने प्रभावित जिले वासियों से सतर्क रहने की अपील की है.
बताते चलें कि देश के पूर्वी तट पर अर्नब चक्रवात के चलते भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है. इसे देखते हुए आंध्र प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है. चक्रवात अर्नब का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में पड़ने की संभावना है. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवात 28 अक्टूबर की सुबह बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यानम के तट से टकराने वाला था. इस दौरान हवा की रफ्तार 125 से 135 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने और झोंकों की रफ्तार 150 किमी प्रति घंटा होने की आशंका जताई गई.
मौसम के गंभीर हालातों को देखते हुए आंध्र प्रदेश के 10 जिलों में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया. इनमें ईस्ट गोदावरी, कृष्णा, काकीनाडा, डॉ बीआर अंबेडकर कोनसीमा, एनटीआर, विशाखापत्तनम, विजयनगरम, एलुरु, पोलावरम और अनकापल्ली शामिल हैं. ज्यादातर जिलों में 28 अक्टूबर को छुट्टी घोषित की गई है. अनकापल्ली में 27 से 29 अक्टूबर तक स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया. यह आदेश संबंधित जिलों के अलग-अलग स्कूल मैनेजमेंट पर लागू है. वहीं ओडिशा के कई जिलों और छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आज शैक्षणिक संस्थानों की छुट्टी की गई है.