13 विकेट… टीम इंडिया से बाहर होते ही स्पिनर ने दिखाया फिरकी का जादू
Last Updated:
Saransh Jain took 13 wicket: सारांश जैन के शानदार 13 विकेटों की बदौलत रणजी ट्रॉफी में मध्य प्रदेश ने बिहार को पारी और 174 रनों से करारी शिकस्त दी. न्यूजीलैंड दौरे से नजरअंदाज किए गए सारांश ने दोनों पारियों में अपनी फिरकी का जादू दिखाया.
सारांश जैन ने 13 विकेट लेकर बिहार को पारी के अंतर से हराने में मध्यप्रदेश की जीत में अहम रोल अदा किया.
नई दिल्ली. भारतीय घरेलू क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी के ग्रुप ए मुकाबलों में दूसरे दिन ही रोमांचक और धमाकेदार प्रदर्शन देखने को मिला. मध्य प्रदेश ने शानदार गेंदबाजी और बल्लेबाजी के दम पर बिहार को पारी और 174 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी. मैच के हीरो रहे अनुभवी ऑफ स्पिनर सारांश जैन. जिन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 13 विकेट झटके.
मध्य प्रदेश और बिहार (Madhya Pradesh beat Bihar) के बीच खेले गए मुकाबले में मैच के दूसरे दिन ही परिणाम सामने आ गया. मध्य प्रदेश ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए बिहार को पारी और 174 रन से शिकस्त दी. हाल में श्रीलंका के खिलाफ अगस्त में टेस्ट डेब्यू करने वाले 33 वर्षीय ऑफ स्पिनर सारांश जैन (Saransh Jain) को न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी. टीम इंडिया से बाहर होने के बाद सारांश ने घरेलू क्रिकेट में अपनी शानदार फॉर्म का नजारा पेश करते हुए विकेटों की झड़ी लगा दी है और राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है.
सारांश का शानदार प्रदर्शन और मैच के आंकड़े
इस मैच में सारांश जैन ने कहर बरपाते हुए कुल 13 विकेट अपने नाम किए. उन्होंने पहली पारी में महज 14 रन देकर 7 और दूसरी पारी में 49 रन देकर 6 विकेट झटके. इस तरह उन्होंने मैच में कुल 89 रन खर्च कर 13 विकेट चटकाए. प्रथम श्रेणी क्रिकेट में इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 71 रन देकर 9 विकेट था.
मध्य प्रदेश की पहली पारी और शतकीय साझेदारियां
मैच के दूसरे दिन मध्य प्रदेश ने अपनी पहली पारी 3 विकेट पर 261 रन से आगे बढ़ाई और 8 विकेट पर 407 रन बनाकर पारी घोषित कर दी. रणजी ट्रॉफी में पदार्पण कर रहे 20 वर्षीय युवा बल्लेबाज सक्षम पुरोहित ने अपने पिछले दिन के नाबाद 113 रन में 19 रन और जोड़े. वह 132 रनों की शानदार पारी खेलकर बाएं हाथ के स्पिनर आदित्य राज का शिकार बने. इसके अलावा, कप्तान रजत पाटीदार ने अपनी बेहतरीन फॉर्म जारी रखते हुए 133 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 109 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली. इस सत्र में रणजी ट्रॉफी में यह रजत पाटीदार का लगातार दूसरा शतक है.
बिहार की दूसरी पारी का पतन
इसके जवाब में, पहली पारी में महज 99 रन पर ढेर होने वाली बिहार की टीम दूसरी पारी में भी संघर्ष करती नजर आई और पूरी टीम 134 रन पर सिमट गई. बिहार के लिए आयुष लोहारुका ने 66 गेंदों पर नाबाद 76 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी भी बल्लेबाज का साथ नहीं मिल. आलम यह था कि बिहार के 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके.