कर्नाटक MLC चुनाव: BJP-जेडीएस की जुगलबंदी के आगे नतमस्तक हुई कांग्रेस?
Last Updated:
कर्नाटक विधान परिषद की चार सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था. 27 अक्टूबर को मतगणना के शुरुआती रुझानों में बीजेपी के दो उम्मीदवार और जेडीएस के एक उम्मीदवार आगे चल रहे है. दक्षिण-पूर्व स्नातक सीट पर गिनती जारी है. इन नतीजों ने कांग्रेस, बीजेपी और जेडीएस की चुनावी रणनीति को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. तो अगर ये बढ़त इसी तरह बनी रही तो क्या कांग्रेस के चाणक्य CM डीके शिवकुमार पहले ही एग्जाम में फेल माना जाएगा? जानें चारों सीटों की कहानी.
DK शिवकुमार की चुनावी रणनीति की परीक्षा, कर्नाटक MLC चुनाव में बीजेपी-जेडीएस गठबंधन ने कैसे बनाई शुरुआती बढ़त?
कर्नाटक विधान परिषद (MLC) की चार सीटों पर हुए चुनाव के बाद आज वोटों की गिनती जारी है. राज्य में सत्ता परिवर्तन और डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री पद की कमान संभालने के बाद यह चुनाव कांग्रेस के लिए अहम परीक्षा माना जा रहा है. इन सीटों पर सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी बीजेपी-जेडीएस गठबंधन के बीच मुकाबला है. शुरुआती रुझानों में बीजेपी और जेडीएस के उम्मीदवारों ने बढ़त बनाई है, जिससे चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है. समझते हैं पूरी कहानी.
कांग्रेस के चाणक्य CM डीके शिवकुमार पहले ही एग्जाम में फेल?
कर्नाटक विधान परिषद (MLC) की चार सीटों पर वोटों की गिनती के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार की रणनीति पर भी नजरें टिकी हैं. शुरुआती रुझानों में बीजेपी के दो उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि बेंगलुरु शिक्षक सीट पर बीजेपी की सहयोगी जेडीएस के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या कांग्रेस के ‘चाणक्य’ कहे जाने वाले डीके शिवकुमार के लिए यह पहला चुनावी टेस्ट मुश्किल साबित हो रहा है? हालांकि, अभी अंतिम नतीजों का इंतजार है. चार सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था. मंगलवार, 27 अक्टूबर को वोटों की गिनती शुरू है. इन सीटों पर कुल 43 उम्मीदवार मैदान में हैं.
तीन सीटों पर बीजेपी-जेडीएस गठबंधन आगे
शुरुआती रुझानों में पश्चिम स्नातक और उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं. वहीं, बेंगलुरु शिक्षक सीट पर जेडीएस के एपी रंगनाथ ने कांग्रेस के पुट्टन्ना के खिलाफ बढ़त बनाई है. इस तरह गठबंधन के उम्मीदवार तीन सीटों पर आगे बताए जा रहे हैं.
पश्चिम स्नातक सीट पर संकानूर आगे
पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी के एसवी संकानूर और कांग्रेस के मोहन लिम्बिकाई के बीच मुकाबला है. शुरुआती दौर में संकानूर ने दो हजार से अधिक वोटों की बढ़त बनाई थी. दूसरी ओर, दक्षिण-पूर्व स्नातक सीट पर बीजेपी के केएम सुरेश और कांग्रेस के शशि हुलिकुंटे मठ के बीच मुकाबला जारी है. इस सीट पर मतपत्रों की गिनती के अगले दौर के आंकड़ों का इंतजार है.
शिक्षक सीटों पर भी दिलचस्प मुकाबला
उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी के मौजूदा एमएलसी शशील जी. नमोशी, कांग्रेस के शरणप्पा मत्तूर से आगे चल रहे हैं. बेंगलुरु शिक्षक सीट पर जेडीएस के एपी रंगनाथ का मुकाबला कांग्रेस के पुट्टन्ना से है. पुट्टन्ना इस सीट से पांच बार जीत चुके हैं. ऐसे में इस मुकाबले पर भी नजरें टिकी हैं.
क्या डीके शिवकुमार के लिए है बड़ा टेस्ट?
कर्नाटक की चार सीटों के नतीजे कांग्रेस और बीजेपी-जेडीएस गठबंधन की चुनावी तैयारी का संकेत देंगे. कांग्रेस इन चुनावों में अपनी मौजूदा सीटें बचाने और दूसरी सीटों पर बढ़त बनाने की कोशिश में है. वहीं, बीजेपी तीन सीटों पर अपना कब्जा बरकरार रखना चाहती है और जेडीएस बेंगलुरु शिक्षक सीट जीतने की कोशिश कर रही है. डीके शिवकुमार समेत कांग्रेस के कई सीनियर नेताओं ने चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया था. इसलिए नतीजों को पार्टी के संगठन और गठबंधन की वोट ट्रांसफर क्षमता के लिहाज से भी देखा जा रहा है.