Last Updated:
Lucky Bamboo: दिवाली के शुभ अवसर पर घर की सजावट और उपहार देने के लिए ‘लकी बैंबू’ पौधे की मांग काफी बढ़ गई है. नर्सरी एक्सपर्ट के अनुसार इसे घर में लगाना बेहद शुभ माना जाता है. दावा किया कि मात्र ₹200 की शुरुआती कीमत में मिलने वाला यह पौधा किस्मत बदल सकता है.
रिपोर्ट: खुशी बैशांदर
Diwali Gift Tips: दिवाली का त्योहार जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, लोगों में खरीदारी और घर की सजावट को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है. इस फेस्टिव सीजन में बाजारों और नर्सरी में एक विशेष पौधे की मांग में जबरदस्त उछाल आया है. इस पौधे को ‘लकी बैंबू’ (Lucky Bamboo) के नाम से जाना जाता है. लोग इसे अपने घरों को सजाने और अपनों को खास तोहफा देने के लिए खूब पसंद कर रहे हैं.
इस पौधे की धार्मिक मान्यता भी
ग्वालियर के नर्सरी एक्सपर्ट योगेश कुशवाहा के अनुसार, लकी बैंबू को घर में लगाना बहुत शुभ और फलदायी माना जाता है. धार्मिक मान्यता के मुताबिक, इस पौधे में मां लक्ष्मी का वास माना गया है. माना जाता है कि इसे घर में रखने से परिवार में हमेशा सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है. यही वजह है कि दिवाली पर लोग इसे घर में लाना शुभ मानते हैं.
उपहार देने का बेहतरीन विकल्प
आमतौर पर त्योहारों के दौरान लोग एक-दूसरे को बुके या फूलों का गुलदस्ता उपहार में देते हैं. ये फूल कुछ ही समय में खराब हो जाते हैं. लेकिन, लकी बैंबू एक ऐसा खास और प्यारा उपहार है, जिसे पाने वाला व्यक्ति जीवन भर संभाल कर रखता है और इसकी देखभाल करता है. यह पौधा सालों-साल आपके रिश्तों में मिठास और घर में हरियाली बनाए रखता है.
कैसे करें देखभाल?
लकी बैंबू की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पानी और मिट्टी दोनों तरह से आसानी से लग सकता है. यदि आप इसे पानी में रखते हैं, तो ध्यान रखें कि हर 3 से 4 दिन में इसका पानी बदलते रहें. नियमित रूप से पानी बदलने से यह पौधा कभी खराब नहीं होता और हमेशा हरा-भरा रहता है.
ये वाला लकी बैंबू करें गिफ्ट
बाजार में लकी बैंबू अलग-अलग लेयर्स में उपलब्ध है. यह सिंगल, टू-लेयर और थ्री-लेयर डंडियों के साथ मिलता है. इसकी शुरुआती कीमत लगभग ₹200 है. यदि आप किसी को यह पौधा गिफ्ट देना चाहते हैं तो 2 या 3 डंडियों वाला लकी बैंबू सबसे शुभ और बेहतरीन विकल्प माना जाता है.तो इस दिवाली आप भी अपने घर लकी बैंबू लाएं और अपनों को हरियाली की सौगात दें.